एशियाड-2010 (मुक्केबाजी) : भारत को मिश्रित सफलता, 2 पदक तय (लीड-3)
पहले दौर में बाई हासिल करने वाली मेरीकॉम ने 48-51 किलोग्राम में सोमवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की मेंग चेह पिंग को 16-2 से पराजित किया।
दूसरी ओर, 69-75 किलोग्राम वर्ग में कविता ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कजाकिस्तान की मेरिना वोलनोवा को कड़े संघर्ष के बाद 8-7 से पराजित किया।
इस तरह मेरीकॉम और कविता ने देश के लिए कम से कम कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया है। अगले दौर में मेरीकॉम का सामना चीन की रेन चानचान से होगा। चानचान ने क्वार्टर फाइनल में नेपाल की संजू लामा को 10-0 से हराया।
चार बार की विश्व चैम्पियन मेरीकॉम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले राउंड में तीन, दूसरे और चौथे राउंड में पांच-पांच और तीसरे राउंड में तीन अंक हासिल किए।
सोमवार को भारत की एक अन्य मुक्केबाज प्रीति बेनीवाल 57-61 किलोग्राम वर्ग में अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला हार गईं। प्रीति को थाईलैंड की तासामेल थांगजांग ने पराजित किया। तीसरे दौर तक प्रीति 0-2 से पीछे चल रही थीं।
तीसरे दौर के दौरान 53 सेकेंड बीतने के साथ ही वह चोटिल हो गईं। इस तरह रेफरी ने खेल रोक दिया और फिर थांगजांग को विजेता घोषित किया गया। प्रीति ने रविवार को मंगोलिया की मुक्केबाज सुव अर्डे ओयुनग्रेल को 8-2 से पराजित करते हुए अंतिम-8 दौर में जगह पक्की की थी।
कविता ने पहले और दूसरे राउंड में एक-एक अंक हासिल करने के बाद तीसरे और चौथे राउंड में जोरदार हमला करते हुए तीन-तीन अंक बटोरे। मेलिना पहले और दूसरे राउंड में एक-एक अंक बटोर सकीं। तीसरे राउंड में उन्हें तीन और चौथे राउंड में दो अंक मिले।
अमनदीप को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फिलीपींस के मुक्केबाज विक्टोरियो सालुदार ने 6-1 से पराजित किया। सालुदार ने पहले राउंड में तीन और दूसरे राउंड में तीन अंक हासिल किए। अमनदीप को पहले राउंड में एक अंक प्राप्त हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications