नई दिल्ली। भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु और साइना नेहवाल का एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार सफल जारी है। चीन के वुहान में जारी इस प्रतियोगिता में गुरूवार को इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
सिंधु को अपना मुकाबला जीतने में केवल 35 मिनट लगे। उन्होंने इंडोनेशिया की प्रतिद्वंदी चिरुन्निसा को एकतरफा मुकाबले में 21-15 21-19 से हरा दिया। दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी सिंधु का अगला मुकाबला अब चीन की गैर वरीय खिलाड़ी काई ययान से होगा।
इसके अलावा साइना नेहवाल ने भी अपना मुकाबला काफी आसानी से जीत लिया। उनको जीत दर्ज करने में केवल 38 मिनट लगे। उन्होंने कोरियाई खिलाड़ी किम गा यूं को मात देकर महिला एकल मुकाबले के अंतिम 8 में जगह बनाई। अब 7वी वरीयता प्राप्त साइना का अगला मुकाबला तीसरी वरीय खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची से होगा।
महिला एकल मुकाबले के अलावा पुरुष एकल में भी समीर ने हांगकांग के खिलाड़ी एनजी का लॉन्ग एंगस को 21-12 21-19 से मात दी। अब उनका अगला मुकाबला थाईलैंड के खिलाड़ी सित्तिकोम थम्मासीन या दूसरी वरीयता प्राप्त चीजी खिलाड़ी शी यूकी से होगा।
सिंग्लस मुकाबलों के अलावा मिक्सड डबल में भारतीय जोड़ी उत्कर्ष अरोड़ा और करिश्मा वाडेकर इंडोनेशिया के हाफिज फैजल और ग्लोरिया एमानुएल विलेजजा से 21-10 21-15 से हार गई।
आपको बता दें किभारत 54 साल से यह टूर्नामेंट जीतने में सफल नहीं रहा है। इससे पहले पुरुष सिंगल्स में दिनेश खन्ना ने 1965 में खिताब अपने नाम किया था। पिछले साल भारत के साइना और एचएस प्रणय इस चैंपियंशिप में कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे थे लेकिन खिताबी जीत उनको नसीब नहीं हो पाई थी। साइना ने साल 2010 और 2016 में भी कांस्य जीता था। जबकि पीवी सिंधु ने भी 2014 में इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया था।