श्रीलंका की लगातार दूसरी जीत
चमारा कपूगेदरा की बेहतरीन बल्लेबाज़ी के कारण श्रीलंका ने पाकिस्तान को दम्बुला में हुए दूसरे एक दिवसीय मैच में छह विकेट से हरा दिया है.
इस जीत के साथ ही श्रीलंका की टीम पाँच एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ में 2-0 से आगे हो गई है.
इस मैच को जीतने के लिए श्रीलंका को 50 ओवर में 169 रनों का लक्ष्य मिला था. लेकिन श्रीलंका की टीम ने 44वें ओवर में चार विकेट के नुक़सान पर ही जीत हासिल कर ली.
इससे पहले पाकिस्तान की पूरी टीम 47 ओवर में 168 रन बनाकर आउट हो गई थी.
कपूगेदरा ने न सिर्फ़ 67 रनों की पारी खेली बल्कि थिलन समरवीरा के साथ मिलकर पाँचवें विकेट के लिए नाबाद 95 रन भी जोड़े. समरवीरा 38 रन पर नाबाद रहे.
पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी एक बार फिर काफ़ी ख़राब रही. इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि 10वें नंबर के खिलाड़ी और तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर ने सर्वाधिक 24 रन बनाए.श्रीलंका की ओर से थिलन तुषारा ने 33 रन देकर तीन विकेट लिए.
श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने टॉस जीतकर पहले फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया.
उनका फ़ैसला बिल्कुल सही साबित हुआ क्योंकि मैच की पहली ही गेंद पर पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज़ नासिर जमेशद आउट हो गए.
उनका विकेट मिला कुलशेखरा को. उसके बाद तो नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. यूनिस ख़ान ने 23 रन बनाए तो अपना पहला मैच खेल रहे उमर अकमल ने 18 रन.
अब्दुल रज़्ज़ाक़ ने 17 और उमर गुल ने 14 रनों की पारी खेली. थिलन तुषारा के तीन विकेट के अलावा मुथैया मुरलीधरन को दो विकेट मिले.
जवाब में श्रीलंका ने शानदार शुरुआत की. सनत जयसूर्या ने फटाफट 30 रन बनाए. लेकिन जल्दी-जल्दी दो विकेट गँवाने के बाद श्रीलंका पर थोड़ा दबाव बढ़ा.
थरंगा 10 रन बना पाए तो कप्तान संगकारा दो रन बनाकर रन आउट हो गए. महेला जयवर्धने भी 12 रन ही बना पाए. लेकिन कपूगेदरा और समरवीरा ने अच्छी बल्लेबाज़ी करते हुए मैच में जीत दिला दी.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications