नागपुर टेस्ट: द्रविड़ का शतक, भारत की स्थिति मजबूत (लीड-1)
तीसरे दिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर अपने 50वें शतक से चूक गए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 292 रन बनाए थे। उस वक्त सचिन 57 और राहुल 69 रन पर अविजित लौटे थे। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद थी कि सचिन अपने इस चहेते मैदान पर करियर का 50वां टेस्ट शतक जड़ेंगे लेकिन अपना पहला टेस्ट खेल रहे एंडी मैकॉय ने इस उम्मीद पर पानी फेर दिया। मैकॉय की गेंद पर पेवेलियन लौटने से पहले सचिन ने 61 रन बनाए। उनके टेस्ट करियर का यह 59वां अर्धशतक है।
सचिन के आउट होने के बाद वी.वी.एस. लक्ष्मण भी ज्यादा देर तक द्रविड़ का साथ नहीं दे सके और महज 12 रन बनाकर क्रिस मार्टिन का शिकार बन गए। उनके बाद सुरेश रैना भी पेवेलियन लौट गए। रैना ने महज तीन रन बनाए। इस बीच द्रविड़ ने अपने टेस्ट करियर का 31वां शतक पूरा किया। इस श्रृंखला में यह उनका दूसरा शतक है। भोजनकाल तक द्रविड़ 105 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 35 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले खेल के दूसरे दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने मजबूत बुनियाद रखी। सहवाग 73 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर डेनियल विटोरी के शिकार बने जबकि गंभीर को टिम साउदी ने आउट किया। गंभीर ने 127 गेदों पर 12 चौकों की मदद से 78 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 113 रन जोड़े।
कीवी टीम की पहली पारी 193 रन पर सिमट गई थी। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। इसके अलावा प्रज्ञान ओझा ने तीन और शांताकुमारन श्रीसंत ने दो विकेट लिए। हरभजन सिंह के नाम एक विकेट दर्ज हुआ।
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले दोनों टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। पहला मैच अहमदाबाद में खेला गया था जबकि दूसरा मुकाबला हैदराबाद में हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications