नई दिल्ली। फिक्सिंग का साया अब क्रिकेट के बाद बैडमिंटन पर भी मंडराने लगा है। दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी ली चोंग वेई ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि एक बार उन्होंने मैच फिक्सर की पेशकश को ठुकराया था और कहा कि मलयेशिया के 2 बैडमिंटन खिलाड़ियों के कथित फिक्सिंग के लिए जांच के दायरे में होने से वह 'लज्जित' हैं। विश्व में दूसरे नंबर के खिलाड़ी ली ने कहा कि कुछ साल पहले उनसे पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया।
उन्होंने कहा कि उनके लिए पैसे से ज्यादा अहमियत देश रखता है। मलेशिया के न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स अखबार के मुताबिक ली चोंग ने यह खुलासा उस खबर के बाद किया, जिसमें कहा गया था कि विश्व बैडमिंटन महासंघ संदिग्ध मैच फिक्सिंग के लिए मलेशिया के दो खिलाड़ियों की जांच कर रहा है।
इन दोनों खिलाड़ियों को इस महीने के आखिर में सिंगापुर में बीडब्ल्यूएफ सुनवाई से गुजरना होगा और दोषी पाये जाने पर उनपर आजीवन प्रतिबंध भी लग सकता है। बैडमिंटन की दुनिया के लिए बेहद ही चौंकाने वाली खबर है। बता दें कि इससे पहले क्रिकेट में कई बार फिक्सिंग के मामले सामने आए हैं जिससे पूरे खेल जगत को शर्मिंदगी उठानी पड़ी।