टेस्ट श्रृंखला श्रीलंका के नाम, वास को भावभीनी विदाई (राउंडअप)
मैच के पांचवें दिन के तीसरे सत्र के दौरान श्रीलंका ने कप्तान कुमार संगकारा (नाबाद 130) और एंजेलो मैथ्यूज (नाबाद 64) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत 492 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 391 रन बना लिए थे। दिन का खेल खत्म होने में 10 ओवर की देरी थी, तभी दोनों कप्तानों ने आपसी सहमति के बाद मैच समाप्त करने की घोषणा की।
श्रीलंका ने मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए थे। संगकारा 50 रन पर नाबाद लौटे थे जबकि थिलन समरवीरा ने 20 रन बनाए थे। पांचवें दिन श्रीलंकाई टीम ने अपना एकमात्र विकेट समरवीरा के रूप में गंवाया।
समरवीरा ने 144 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 73 रन बनाए। उन्होंने संगकारा के साथ चौथे विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की। संगकारा ने अपनी 303 गेंदों की कप्तानी पारी में सात चौके लगाए जबकि उनके साथ पांचवें विकेट के लिए 114 रन जोड़ने वाले मैथ्यूज ने 148 गेंदों का सामना कर सात चौके और एक छक्का जड़ा।
मैच के तीसरे दिन गुरुवार को पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 425 रन बनाकर घोषित कर दी थी। पहली पारी के आधार पर पाकिस्तान को 66 रनों की बढ़त मिली थी। पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 299 रन बनाए थे जबकि श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 233 रनों पर ही सिमट गई थी।
दो शतकीय साझेदारियों को अंजाम देने वाली कप्तानी पारी वाले संगकारा 'मैन ऑफ द मैच' बने जबकि तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया।
श्रीलंका के करश्मिाई गेंदबाज वास ने इस मैच के साथ ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अपने 15 साल के करियर के दौरान 111 टेस्ट मैच खेल चुके वास ने पिछले रविवार को कहा कि वह तीसरे टेस्ट मैच के बाद संन्यास ले लेंगे। वास हालांकि एकदिवसीय तथा ट्वेंटी-20 मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। उनका इरादा 2011 विश्व कप तक खेलने का है।
विदाई के अवसर पर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने वास को एक स्मृतिचिन्ह भेंट किया। वास का पूरा परिवार श्रीलंकाई ड्रेसिंग रूम के करीब स्थित विशेष दीर्घा से इस भावनात्मक पल का आनंद ले रहा था। इस दौरान मैदान में मौजूद विशाल स्क्रीन पर वास के करियर के खास पलों को भी दिखाया गया।
भावनाओं से ओतप्रोत वास ने अपने संदेश में कहा, "15 साल तक टेस्ट क्रिकेट खेलना खास अनुभव है। मैं इसके लिए अपने प्रशंसकों और परिजनों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि प्रशंसकों और परिजनों के सहयोग और समर्थन के बगैर यह संभव नहीं था।"
वर्ष 1994 में कैंडी में पाकिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले वास श्रीलंका के सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने 111 मैचों में 29.39 के औसत से 355 विकेट लिए। मुथैया मुरलीधरन के बाद वह श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
वास के नाम टेस्ट मैचों में 3085 रन भी दर्ज हैं। टेस्ट के अलावा उन्होंने एकदिवसीय मैचों में भी 400 विकेट लिए हैं। एकदिवसीय मैचों में वास के बल्ले से 2025 रन निकले हैं। वास 100 या उससे अधिक टेस्ट मैच खेलने वाले श्रीलंका के तीसरे खिलाड़ी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications