विजयवाड़ा। इन दिनों लगता है कि भारत की बैडमिंटन सनसनी सायना नेहवाल के दिन सही नहीं चल रहे हैं तभी तो पहले अवार्ड को लेकर और अब राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप को लेकर वो लगातार विवादों में बनी हुई हैं।
ताजा मसले में खबर आ रही है कि भारतीय बैडमिंटन महासंघ (बाई) सायना नेहवाल के खिलाफ कोर्ट जा सकता है क्योंकि बाई इन दिनों सायना नेहवाल से काफी नाराज चल रहा है क्योंकि सायना ने पिछले पांच-छह सालों से लगातार किसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सायना की रूचि नहीं
बाई ने कहा कि जबकि यह सायना जैसे होनहार प्लेयर्स की जिम्मेदारी बनती है कि वो ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रोत्साहित करें लेकिन सायना ऐसा नहीं कर रही है इसके कारण वो उनके खिलाफ एक्शन लेने को मजबूर है। बाई का यह भी कहना है कि सायना उनकी किसी भी बात का जवाब नहीं दे रही है इसलिए उन्हें और भी यह बात अखर रही है।
तो सायना के खिलाफ कोर्ट जायेगा बैडमिंटन संघ!
आपको बता दें कि केवल सायना नेहवाल ने ही राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप से नाम वापस नहीं लिया है, उनका देखादेखी श्रीकांत, पी. वी. सिंधू, राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण विजेता कश्यप, युगल विशेषज्ञ ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा और अजय जयराम ने भी खेलों से नाम वापिस ले लिया है। नामचीन खिलाड़ियों के ऐसा करने से राष्ट्रीय खेलों में आम लोगों की रूचि नहीं रह जाती है जिसकी वजह बाई का गुस्सा सायना नेहवाल पर भड़का है।