पाकिस्तान ने इमरान नजीर, कामरान अकमल, शानदार अर्धशतक लगाने वाले कप्तान यूनुस खान और मोहम्मद यूसुफ के रूप में अपने चार विकेट गंवाए हैं।
खबर लिखे जाने तक पाकिस्तानी टीम ने 38 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए थे। मिस्बाह 45 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 42 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि उमर अकमल ने एक रन बनाया था।
सलामी बल्लेबाज नजीर तेज पारी खेलने के बाद 45 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। नजीर ने 23 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए। उन्हें असंथा मेंडिस ने पगबाधा आउट किया।
पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज अकमल के रूप में गंवाया था। अकमल खाता भी नहीं खोल सके। उनका विकेट नुवान कुलसेकरा के खाते में गया। यह विकेट एक रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद यूसुफ और यूनुस ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। यूसुफ 113 रन के कुल योग पर 43 रन बनाने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी 55 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए।
यूसुफ की विदाई के बावजूद कप्तान विकेट पर टिके रहे। उन्होंने 100 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 76 रन बनाए और मिस्बाह उल हक के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन जोड़े। यूनुस का विकेट 196 रन के कुल योग पर गिरा।
पांच मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 3-1 से आगे है। श्रीलंका ने शुरुआती तीन मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल की थी जबकि पाकिस्तान ने चौथा मुकाबला अपने नाम किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।