नागपुर टेस्ट : न्यूजीलैंड पर पारी की हार का संकट (राउंडअप)
कीवी टीम ने पहली पारी में 193 रन बनाए थे जबकि भारतीय टीम ने तीसरे दिन के राहुल द्रविड़ (191) और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (98) की शानदार पारियों की बदौलत अंतिम सत्र में आठ विकेट पर 566 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 373 रनों की बढ़त मिली।
दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम के सबसे अनुभवी ब्रेंडन मैक्लम (15) तथा गारेथ हॉपकिंस (1) रन बनाकर नाबाद लौटे। सलामी बल्लेबाज टिम मिशिंटोस को आठ रन के निजी स्कोर पर स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने पगबाधा आउट किया। मैक्लम ने 26 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए हैं।
इससे पहले, 191 रनों की मैराथन पारी खेलने वाले द्रविड़ ने करियर का 31वां शतक जड़ा जबकि धौनी के बल्ले से 19वां अर्धशतक निकला। वह दो रनों के अंतर से अपना पांचवां शतक चूक गए। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 193 रनों की उपयोगी साझेदारी हुई।
द्रविड़ ने 396 गेंदों का सामना कर 21 चौके लगाए जबकि धौनी ने 156 गेंदों में 12 चौके और एक छक्का जमाया। इस श्रृंखला में द्रविड़ का यह दूसरा शतक है। धौनी को मेहमान कप्तान डेनियल विटोरी ने अपनी ही गेंद पर कैच कर पेवेलियन भेजा जबकि अपने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे द्रविड़ को केन विलियमसन ने मार्टिन गुपटिल के हाथों कैच करवाया।
इसके बाद हरभजन को 20 रनों के व्यक्तिगत योग पर तेज गेंदबाज क्रिस मार्टिन ने मैक्लम के हाथों कैच करवाया। हरभजन ने 47 गेंदों का सामना कर एक चौका और एक छक्का लगाया। ईशांत शर्मा सात रन और शांताकुमारन श्रीसंत खाता खोले बगैर नाबाद लौटे।
इससे पहले, तीसरे दिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर अपने 50वें शतक से चूक गए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 292 रन बनाए थे। सचिन 57 और द्रविड़ 69 रन पर अविजित लौटे थे।
क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद थी कि सचिन अपने इस चहेते मैदान पर करियर का 50वां टेस्ट शतक जड़ेंगे लेकिन अपना पहला टेस्ट खेल रहे एंडी मैके ने इस उम्मीद पर पानी फेर दिया।
मैके की गेंद पर पेवेलियन लौटने से पहले सचिन ने 61 रन बनाए। उनके टेस्ट करियर का यह 59वां अर्धशतक है। सचिन के आउट होने के बाद वी.वी.एस. लक्ष्मण भी ज्यादा देर तक द्रविड़ का साथ नहीं दे सके और महज 12 रन बनाकर मार्टिन का शिकार बन गए।
उसके बाद सुरेश रैना भी पेवेलियन लौट गए। रैना ने महज तीन रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से विटोरी तीन, मार्टिन ने दो और टिम साउदी तथा एंडी मैके को एक-एक विकेट मिला।
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले दोनों टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। पहला मैच अहमदाबाद में खेला गया था जबकि दूसरा मुकाबला हैदराबाद में हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications