पहले दिन पाकिस्तान ने बनाए 7 विकेट पर 289 रन (लीड-4)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मेहमान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने मात्र 34 रन के कुल योग पर सलामी बल्लेबाज फवद आलम और कप्तान यूनुस खान के विकेट गंवा दिए थे।
दूसरे टेस्ट मैच में 168 रनों की बेशकीमती पारी खेलने वाले फवद 16 रन बनाकर आउट हुए जबकि यूनुस सिर्फ दो रन बना सके। पाकिस्तान को शुरुआती झटके थिलन तुषारा ने दिए।
इसके बाद खुर्रम मंजूर (93) और धुरंधर मोहम्मद यूसुफ (90) ने तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी निभाकर पाकिस्तान को संकट से उबार लिया लेकिन 203 रनों के कुल योग पर मंजूर के आउट होने के बाद हालात में तेजी से तब्दीली आई।
मंजूर अपने करियर का पहला टेस्ट शतक से मात्र सात रन से चूक गए। मंजूर ने अपनी 197 गेंदों की पारी के दौरान 10 चौके लगाए। इसके बाद 210 रन के कुल योग पर यूसुफ भी पेवेलियन लौट गए।
यूसुफ को चमिंडा वास ने तिलकरत्ने दिलशान की मदद से रन आउट किया। यूसुफ ने 147 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का लगाया।
यूसुफ की विदाई के बाद मिस्बाह उल हक (27) और पूर्व कप्तान शोएब मलिक (45) ने पांचवें विकेट के लिए 75 रन जोड़े। मलिक ने 70 गेंदों का सामना कर सात चौके लगाए जबकि मिस्बाह ने 62 गेंदें खेलकर एक चौका जड़ा।
इन दोनों के आउट होने के बाद पाकिस्तानी टीम मुश्किलों में घिर गई। इसी का नतीजा था कि उमर गुल भी दो रन बनाकर आउट हो गए। दिन का खेल समाप्त होने तक कामरान अकमल और दानिश कनेरिया एक-एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
श्रीलंका की ओर से थिलन तुषारा ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए हैं जबकि नुवान कुलसेकरा को दो विकेट मिले हैं। इस टेस्ट श्रृंखला के बाद संन्यास की घोषणा कर चुके वास एक विकेट हासिल करने में सफल रहे हैं।
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications