पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति पर आठ विकेट खोकर 279 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से इमरान नजीर ने 35, कप्तान यूनुस खान ने 76, मोहम्मद यूसुफ ने 43, मिस्बाह उल हक ने 73 और राणा नवेद उल हसन ने 33 रन बनाए।
पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज अकमल के रूप में गंवाया था। अकमल खाता भी नहीं खोल सके। उनका विकेट नुवान कुलसेकरा के खाते में गया। यह विकेट एक रन के कुल योग पर गिरा।
सलामी बल्लेबाज नजीर तेज पारी खेलने के बाद 45 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। नजीर ने 23 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए।
इसके बाद यूसुफ और यूनुस ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। यूसुफ 113 रन के कुल योग पर 43 रन बनाने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी 55 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए।
यूसुफ की विदाई के बावजूद कप्तान विकेट पर टिके रहे। उन्होंने 100 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 76 रन बनाए और मिस्बाह के साथ चौथे विकेट के लिए 83 रन जोड़े। यूनुस का विकेट 196 रन के कुल योग पर गिरा।
मिस्बाह ने अपनी 82 गेंदों की पारी के दौरान पांच चौके लगाए जबकि हसन ने 29 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के लगाए। हसन और मिस्बाह ने सातवें विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
श्रीलंका की ओर से नुवान कुलसेकरा ने तीन विकेट झटके जबकि धमिका प्रसाद, सनत जयसूर्या, एंजेलो मैथ्यू और असंथा मेंडिस को एक-एक सफलता मिली।
पांच मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 3-1 से आगे है। श्रीलंका ने शुरुआती तीन मैच जीतकर अजेय बढ़त हासिल की थी जबकि पाकिस्तान ने चौथा मुकाबला अपने नाम किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।