नई दिल्ली। इंडिया ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पीवी सिंधु ने सायना नेहवाल को सीधे सेटों में 21-16, 22-20 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। शुक्रवार शाम खेले गए मुकाबले में पीवी सिंधु ने पहला राउंड 21-16 से जीतकर खेल में बढ़त बनाई और दूसरे सेट में भी अपनी बादशाहत को बरकरार रखा।
दूसरे सेट में दो बार इंडिया ओपन का खिताब जीतने वाली सायना नेहवाल ने वापसी की। दूसरे सेट में सायना ने काफी समय तक बढ़त भी बनाई लेकिन कड़े मुकाबले में वो 22-20 से हार गईं। नई दिल्ली के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में खेले गए इस मुकाबले में भारत की दोनों स्टार खिलाडियों के बीच मुकाबले देखने को भारी भीड़ जुटी।
इससे पहले लंदन ओलंपिक कांस्य पदकधारी साइना ने महिला एकल में थाईलैंड की 19 वर्षीय खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग को एकतरफा मुकाबले में 21-14 21-12 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली सिंधु ने जापान की साएना कावाकामी को 21-16 23-21 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।