नई दिल्ली। भारत की बेटी साइना नेहवाल अपने शानदार खेल प्रदर्शन की वजह से वर्ल्ड रैंकिग में 5वें नंबर पर पहुंच गई है। गुरूवार को विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने खिलाड़ियों की विश्व रैंकिंग लिस्ट जारी की, जिसमें साइना नेहवाल को पांचवी पोजिशन हासिल हुई है।
पिछली बार साइना नेहवाल 6वीं पोजिशन पर थीं लेकिन इस बार उन्हें एक पद का लाभ हुआ है। साइना की इस कामयाबी पर उनके प्रशंसकों और देशवासियों में खुशी की लहर है।
विश्व रैंकिंग में 5वें नंबर पर साइना नेहवाल
आपको बता दें कि इसी महीने हुए दो बैडमिंटन टूर्नामेंटों, डेनमार्क और फ्रेंच ओपन, में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने के बाद सायना दोबारा शीर्ष पांच में प्रवेश करने में सफल रहीं। दोनों टूर्नामेंटों में सायना को क्वार्टर फाइनल मैचों में चीन की शिजियान वांग से हार झेलनी पड़ी।
साइना के अलावा इस लिस्ट में भारत की दूसरे नंबर की महिला खिलाड़ी पी. वी. सिंधू 10वीं पोजिशन हासिल हुई है तो वहीं बेहद शानदार फॉर्म में चल रहे पारुपल्ली कश्यप ने शीर्ष 20 में वापसी करते हुए 17वीं वरीयता हासिल कर ली।
News in pics: देखिए कुछ खास तस्वीरें जो बन गई खबर
यही नहीं ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने भी शीर्ष 20 में वापसी कर ली। ज्वाला-अश्विनी को जोड़ी को 20वीं वरीयता मिली है। मिश्रित युगल जोड़ी में हालांकि शीर्ष 25 में कोई भी भारतीय जोड़ी नहीं है।