लास एंजेलिस ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे साफिन और बघदातिस (लीड-1)
आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी साफिन ने पहले दौर के मुकाबले में पिछले सप्ताह इंडियाना पोलिस ओपन का खिताब जीतने वाले रॉबी गेनप्री को 3-6, 6-3, 6-4 से हराया।
इस सत्र में साफिन की यह नौवीं जीत है। अपने करियर में अब तक 15 खिताब जीत चुके साफिन को इस सत्र में 12 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर, 2006 में आस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल खेल चुके बघदातिस ने इंडियानापोलिस ओपन का सेमीफाइनल खेल चुके कनाडा के फ्रैंड डेनसेविक को कड़े मुकाबले के बाद 7-6 (7-3), 6-3 से पराजित किया।
भारत के टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन इतने भाग्यशाली नहीं रहे। क्वालीफाईंग दौर में कड़े मुकाबले के बाद टूर्नामेंट में जगह बनाने वाले सोमदेव को पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है।
मंगलवार को खेले गए मुकाबले में सोमदेव को रूसी टेनिस खिलाड़ी इगोर कुनित्सन ने 7-5, 6-2 से शिकस्त दी। कुनित्सन ने भारतीय खिलाड़ी पर मैच की शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। नतीजा यह रहा कि सोमदेव काफी कोशिशों के बावजूद इस दबाव से बाहर नहीं निकल पाए।
सोमदेव की कुनित्सन के हाथों लगातार यह दूसरी हार है। इससे पहले लेग मैसन टेनिस क्लासिक टूर्नामेंट में कुनित्सन ने सोमदेव को 6-4, 6-1 से मात दी थी।
गौरतलब है कि सोमवार को जारी एटीपी रैंकिंग में सोमदेव 25 स्थान नीचे खिसक गए हैं। उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पिछले सप्ताह 125 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications