'आईसीसी के साथ टकराव नहीं'
पंकज प्रियदर्शी
बीबीसी संवाददाता
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि वह सिर्फ़ एक को छोड़कर विश्व एंटी डोपिंग एजेंसी (वाडा) के सभी नियमों को मानने के लिए तैयार है.
बीसीसीआई की मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने बीबीसी के साथ बातचीत में कहा कि बोर्ड वाडा के उस नियम के ख़िलाफ़ है, जिसमें खिलाड़ियों को सालों भर इस बात का ब्यौरा देना पड़ेगा कि वे कहाँ पर हैं.
राजीव शुक्ला ने कहा, "ये उचित नहीं है. हम इसे भारतीय संविधान के तहत नागरिक की निजी जीवन में दखल मानते हैं. दूसरी बात ये कि हमारे कई खिलाड़ियों को सुरक्षा प्रदान की गई है और इस नियम के तहत उसकी भी जानकारी देनी पड़ेगी."
उन्होंने बताया कि इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की आपत्ति को सही माना है.
राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को अपनी राय से अवगत करा देगा और जब आईसीसी के कार्यकारी बोर्ड की बैठक होगी, उसमें इस पर विचार किया जाएगा.
इनकार उन्होंने इससे इनकार किया कि इस मामले पर आईसीसी के साथ बोर्ड का कोई टकराव होगा. राजीव शुक्ला ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इससे कोई टकराव होगा. वाडा का ये नियम व्यवहारिक नहीं है. फ़ुटबॉल के तमाम खिलाड़ियों ने भी इसे मानने से इनकार किया है."
उन्होंने इससे इनकार किया कि इस मामले पर आईसीसी के साथ बोर्ड का कोई टकराव होगा. राजीव शुक्ला ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि इससे कोई टकराव होगा. वाडा का ये नियम व्यवहारिक नहीं है. फ़ुटबॉल के तमाम खिलाड़ियों ने भी इसे मानने से इनकार किया है."
बीसीसीआई की मीडिया कमेटी के चेयरमैन ने इस बात को ख़ारिज कर दिया कि चूँकि अन्य खेल और कई खिलाड़ी इस नियम को मान रहे हैं, तो क्रिकेट बोर्ड को इसमें आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को इससे मतलब नहीं कि कौन इसे मान रहा है और कौन नहीं. बोर्ड को इस पर आपत्ति है और खिलाड़ियों को भी.
राजीव शुक्ला ने इस मामले पर देरी से फ़ैसला करने के बारे में भी स्पष्टीकरण दिया और कहा कि क्रिकेट बोर्ड कार्यकारी समिति की बैठक में सदस्यों के सामने इस पर विचार करना चाहता था.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
