आस्ट्रेलिया के पांच विकेट गिरे, लक्ष्य अब भी 360 रन दूर (लीड-4)
लक्ष्य अभी भी आस्ट्रेलियाई टीम से 360 रन दूर है जबकि उसके सिर्फ मात्र पांच विकेट शेष हैं। उपकप्तान माइकल क्लार्क 52 रन बनाकर एक छोर पर संघर्ष कर रहे हैं जबकि ब्रैड हेडिन ने आठ रन बनाए हैं। क्लार्क ने 61 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके लगाए हैं।
आस्ट्रेलिया को पांचवां झटका मार्कस नार्थ (6) के रूप में लगा। उन्हें ग्रीम स्वान ने 128 रनोंे के कुल योग पर बोल्ड किया। इससे ठीक पहले 120 रनों के कुल योग पर माइकल हसी (27) विदा हुए थे। हसी का विकेट भी स्वान के खाते में गया। हसी ने अपनी 63 गेंदों की पारी के दौरान तीन चौके लगाए।
आस्ट्रेलिया ने कप्तान रिकी पोंटिंग के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया था। मात्र 34 रन के कुल योग पर दो विकेट गंवाने वाली आस्ट्रेलियाई टीम ने पोंटिग का विकेट गंवाया। पोंटिंग 69 गेंदों पर छह चौके लगाने के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर बोल्ड हो गए। भोजनकाल के बाद पोंटिंग सिर्फ नौ गेंदों का सामना कर सके।
आस्ट्रेलिया को पहला झटका सलामी बल्लेबाज फिलिप ह्यूज के रूप में लगा था, जो 17 रन बनाने के बाद एंड्रयू फ्लिंटॉफ की गेंद पर कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस के हाथों लपके गए। इसके बाद 34 रन के कुल योग पर साइमन कैटिच भी चलते बने। कैटिच ने छह रन बनाए। उनका विकेट भी फ्लिंटॉफ के खाते में गया। उनका कैच भी स्ट्रॉस ने ही लपका।
इससे पहले, इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया के सामने 522 रनों का लक्ष्य रखा। इंग्लैंड ने मैच के तीसरे दिन शनिवार का खेल खत्म होने तक छह विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए थे। मैच के चौथे दिन रविवार को बारिश के कारण इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरी। कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने 521 रनों की बढ़त पर ही पारी घोषित कर दी।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 425 रन बनाए थे जबकि आस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 215 रन ही बना सकी थी। इस तरह इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 210 रनों की बढ़त मिली थी। पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर हैं। कार्डिफ में खेला गया पहला मैच बराबरी पर छूटा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications