289 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंकाई टीम ने खबर लिखे जाने तक 28 ओवर की समाप्ति के बाद बिना कोई विकेट खोए 177 रन बना लिए थे।
अपने एकदिवसीय करियर का 11वां शतक लगाने वाले जयवर्धने ने 91 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और एक छक्के की मदद से 103 रन बनाए थे जबकि उपुल थरंगा 83 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 69 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट खोकर 288 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से उमर अकमल ने सर्वाधिक 66 रन बनाए जबकि कामरान अकमल ने 45, कप्तान यूनुस खान ने 44, शाहिद अफरीदी ने 32 और अब्दुर रज्जाक ने 30 रनों का योगदान दिया।
राणा नवेद उल हसन 23 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 30 तथा मोहम्मद आमेर चार रन बनाकर नाबाद लौटे।
उमर अकमल ने अपनी 65 गेंदों की पारी के दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाए जबकि कामरान ने 46 गेंदों का सामना कर सात बार गेंद को सीमा रेखा से बाहर भेजा।
यूनुस खान ने 59 गेंदों पर छह चौके जड़े जबकि अफरीदी ने अपनी 20 गेंदों की तूफानी पारी के दौरान पांच चौके लगाए।
रज्जाक ने भी तेज पारी खेली और 26 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के जड़े। नासिर जमशेद (1), शोएब मलिक (12) और फवद आलम (13) ने निराश किया।
श्रीलंका की ओर से मुथैया मुरलीधरन और एंजेलो मैथ्यूज ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके अलावा नुवान कुलसेकरा, थिलन तुषारा और दिलहारा फर्नांडो को एक-एक सफलता मिली। पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 2-0 से आगे है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।