फ़ेरारी के घायल ड्राइवर मासा की जगह लेने के लिए माइकल शूमाकर ने संन्यास तोड़कर फ़ॉर्मूला वन में वापसी करने का फ़ैसला किया है.
सात बार के विश्व चैंपियन माइकल शूमाकर ने 2006 में संन्यास ले लिया था लेकिन अब वे यूरोपियन ग्राँ प्री में 23 अगस्त को खेलने के लिए तैयार हो गए हैं.
मासा हंगेरियन ग्राँ प्री के दौरान बुरी तरह घायल हो गए थे और उनकी खोपड़ी में गहरी चोट लगी है. जब तक वे ठीक नहीं हो जाते तब तक शूमाकर उनकी जगह रेस में हिस्सा लेंगे.
शूमाकर ने कहा, "टीम के प्रति वफ़ादारी की वजह से मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से मुँह नहीं मोड़ सकता."
उनके प्रवक्ता ने बीबीसी को मंगलवार को बताया था कि हालांकि शूमाकर पूर्ण रूप से फ़ॉर्मूला वन में वापसी नहीं करना चाहते लेकिन वे मासा की जगह आ सकते हैं.
वापसी
शूमाकर ने संन्यास से बाहर आने का फ़ैसला विशेष परिस्थितियों में किया है.
साथ ही उन्होंने माना, "फ़ॉर्मूला वन का क़िस्सा मेरे जीवन में कब का ख़त्म हो चुका है. पहले तो सबसे बड़ी बात ये है कि फ़िलिपे मासा की सेहत के बारे में सकारात्मक ख़बर है. मैं फ़ेरारी के अधिकारियों से मिला और हमने ये फ़ैसला लिया कि मैं मासा की जगह खेलने के लिए तैयारी करुँगा."
अप्रैल 2008 के बाद से उन्होंने फ़ॉर्मूला वन कार नहीं चलाई है और प्रतियोगिता की तैयारी के लिए उनके पास केवल तीन हफ़्ते से कुछ ज़्यादा का समय है.
उन्हें अब सघन प्रशिक्षण लेना होगा जिसमें ये तय किया जाएगा कि वे फ़ॉर्मूला वन रेसिंग में आने वाली मुश्किलों का सामना कर सकते हैं या नहीं.
शनिवार को हंगेरियन ग्राँ प्री के दौरान घायल हुए मासा बाक़ी के सीज़न से बाहर हो सकते हैं. उन्हें जल्द ही सघन चिकित्सा केंद्र से छुट्टी मिलने की उम्मीद है.