कैरेबियाई गेंदबाजी के सामने पस्त हुए बांग्लादेशी
सेंट जॉर्ज्स (ग्रेनेडा), 19 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केमर रोएच के सामने घुटने टेक दिए और मेजबान टीम पर बढ़त बनाने में नाकाम रहे। वेस्टइंडीज ने मेहमानों को 232 रनों पर समेटने के बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 56 रन बना लिए थे।
पहले दिन के स्कोर एक विकेट पर 35 रनों से आगे खेलते हुए दूसरे दिन बांग्लादेश का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की माफिक ढह गया। पूरी टीम 232 रन पर ढेर हो गई। रोएच ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह बांग्लादेशी बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। बांग्लादेश की ओर से मुशफीकुर रहीम ने सवाधिक 48 रनों की पारी खेली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर ओमर फिलिप्स 17 और ट्रेविस डोवलिन 23 रन बनाकर नाबाद थे।
टॉस जीतकर कार्यकारी कप्तान सकीबुल हसन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले दिन ही बांग्लादेश के फिरकी गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज को 237 रनों पर समेट दिया था। सकीब, एनामुल हक और महमूदुल्लाह ने तीन-तीन विकेट चटकाए थे। वेस्टइंडीज की ओर से ट्रैविस डोवलिन ने सर्वाधिक 95 और डेल रिचर्ड्स ने 69 रनों की पारी खेली थी।
गौरतलब है कि दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में बांग्लादेश की टीम 1-0 से आगे है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications