नागपुर टेस्ट : भारत ने टेस्ट श्रृंखला पर कब्जा किया (राउंडअप)
भारत की कीवी टीम पर अब तक की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने मेहमान टीम को 1956 में चेन्नई में एक पारी और 109 रनों से पराजित किया था। टेस्ट इतिहास में भारत की यह तीसरी सबसे बड़ी जीत है।
अहमदाबाद और हैदराबाद में खेले गए पिछले दोनों मुकाबले बराबरी पर छूटे थे। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को मैन ऑफ द सीरीज जबकि राहुल द्रविड़ को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में भारत की ओर से विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कुल 344 रन बनाए जबकि द्रविड़ ने 341 और हरभजन ने 315 रन बनाने के साथ-साथ कुल 10 विकेट भी झटके।
न्यूजीलैंड की ओर से इस श्रृंखला में आक्रामक बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्लम ने कुल 370 रन बनाए जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है जबकि जेसी राइडर ने 274 रनों का योगदान दिया।
कीवी कप्तान डेनियल विटोरी ने श्रृंखला में सर्वाधिक 14 विकेट चटकाए।
मैच के चौथे दिन मंगलवार को भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 175 रनों पर समेट दी। मैच के तीसरे दिन भारत ने आठ विकेट पर 566 रनों पर अपनी पहली पारी घोषित करके 373 रनों की बढ़त हासिल की थी।
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी भोजनकाल के कुछ देर बाद सिमट गई और श्रृंखला टीम इंडिया के नाम हो गई।
भारत की ओर से हरभजन ने 56 रन पर तीन विकेट, ईशांत शर्मा ने 15 रन पर तीन विकेट जबकि प्रज्ञान ओझा 67 रन पर दो विकेट और सुरेश रैना ने एक रन पर दो विकेट झटके।
कीवी टीम ने पहली पारी में 193 रन बनाए थे जिसमें राइडर (59), मैक्लम (40) और टिम साउदी के (38) रन शामिल थे।
तीसरे दिन के अपने स्कोर एक विकेट पर 24 रन से आगे खेलते हुए कीवी टीम ने चौथे दिन मंगलवार को सुबह के दो घंटे के सत्र में 116 रन जोड़कर अपने सात विकेट खो दिए जबकि भोजनकाल के बाद टीम ने बाकी के सभी विकेट गंवा दिए।
भारत की ओर से दिन की पहली सफलता प्रज्ञान ओझा ने दिलाई जब उन्होंने हैदराबाद में दोहरा शतक लगाने वाले मैक्लम को 25 रनों के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट किया। मैक्लम ने 38 गेंदों का सामना किया, जिसमें चार चौके शामिल थे।
मैक्लम के पेवेलियन जाने के बाद ओझा ने अगले ओवर की पहली गेंद पर गुपटिल को भी बिना खाता खोले पेवेलियन भेज दिया।
तीसरे दिन के अंतिम सत्र में टिम मिशिंटोश का विकेट झटकने वाले हरभजन ने विकेटकीपर गारेथ हॉपकिंस और रॉस टेलर को पेवेलियन भेजा। हॉपकिंस ने आठ रन बनाए जबकि टेलर ने चार चौके की मदद से 29 रन बनाए।
घायल जहीर खान की जगह अंतिम एकादश में शामिल किए गए तेज गेंदबाज ईशांत ने केन विलियमसन (8), टिम साउदी (31) और क्रिस मार्टिन (0) को पेवेलियन भेजा।
सुरेश रैना ने जेसी राइडर (22) और डेनियल विटोरी को (13) रनों पर पेवेलियन की राह दिखाई। एंडी मैके 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
अपनी पहली पारी में भारत की ओर से राहुल द्रविड़ (191), कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (98), गौतम गंभीर 78 और वीरेंद्र सहवाग ने 74 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications