पीसीबी के रवैये के कारण छिनी विश्व कप की मेजबानी : गिलानी
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक इस्लामाबाद में पाकिस्तान खेल बोर्ड की बैठक के बाद गिलानी ने पत्रकारों से कहा, "जो लोग पाकिस्तानी क्रिकेट का कामकाज देख रहे हैं, वही 2011 विश्व कप की मेजबानी के छीने जाने के लिए जिम्मेदार हैं। पाकिस्तान में विश्व कप के मैच कराने की जिम्मेदारी भी अब उन्हीं के कंधों पर है।"
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान से विश्व कप की मेजबानी छीन ली है। पाकिस्तान के हिस्से 14 मैच आए थे। उसने आईसीसी से अपनी मेजबानी को फिर से बहाल करने की अपील की थी लेकिन आईसीसी ने उसकी इस अपील को ठुकरा दिया है।
इस संबंध में पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट आईसीसी प्रमुख डेविड मोर्गन से मिलने के लिए दुबई रवाना हो चुके हैं। रवानगी से पहले बट्ट ने कहा कि अगर पाकिस्तान के राष्ट्रपति और संरक्षक उनके काम से खुश नहीं हैं तो वह अपना पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी मीडिया पिछले कुछ दिनों से लगातार खबर दे रहा था कि जरदारी पीसीबी प्रमुख के काम से खुश नहीं हैं। राष्ट्रपति खासतौर पर 2011 विश्व कप की मेजबानी छीने जाने से बेहद नाराज हैं और उनका मानना है कि इस मामले में बट्ट अब तक कुछ नहीं कर पाए हैं।
इसी को देखते हुए बट्ट ने यह बयान दिया है। बट्ट ने कहा, "मैं पूरी इमानदारी और समर्पण के साथ पाकिस्तान में क्रिकेट की स्थिति सुधारने की कोशिश में जुटा हूं। इन सबके बावजूद अगर लोग मेरे काम से खुश नहीं हैं तब मैं इस्तीफा देकर घर लौटने के लिए तैयार हूं।"
मोर्गन से बातचीत के दौरान बट्ट प्रमुख रूप से पाकिस्तान का 2011 विश्व कप मेजबान का दर्जा बहाल करने को लेकर चर्चा करेंगे। उनकी कोशिश होगी कि पाकिस्तान का दर्जा बहाल करने के साथ-साथ उसके हिस्से आने वाले सभी 14 मैचों को वापस हासिल किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications