समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक निर्णायक सेट में एक समय 5-1 की बढ़त लेने के बावजूद रोजर फेडरर अपनी पकड़ कमजोर कर बैठे और क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जो-विल्फ्रेड सोंगा से 7-6 (5), 1-6, 7-6 (3) से पराजित हो गए। दोनों के बीच का यह मुकाबला बहुत रोचक रहा।
हार के बाद फेडरर ने कहा, "यह हार निराशाजनक है। जो ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। मैंने कुछ ऐसी गलतियां की जो नहीं होनी चाहिए थी।"
उधर प्रतियोगिता के एक अन्य और एकतरफा मुकाबले में आर्जेटीना के जुआन डेल पोट्रो ने राफेल नडाल को 7-6 (5),6-1 से पराजित किया। फ्रेंच ओपन का फाइनल हारने के बाद घुटने में चोट की वजह से नडाल लगभग ढाई महीने मैदान से दूर रहे।
यदि एंडी मरे मॉन्ट्रियल ओपन के फाइनल में पहुंच गए तो नडाल का दुनिया का नंबर दो खिलाड़ी का स्थान छिनने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।