Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशियाड-2010 : रोइंग में उम्मीद से बढ़कर खुशी, सातवें दिन मिले 4 पदक (राउंडअप)

इसके अलावा हॉकी, टेनिस, स्क्वॉश, वॉलीबॉल और मुक्केबाजी में भारत को जीत नसीब हुई। मुक्केबाज दिनेश कुमार 81 किलोग्राम वर्ग और स्क्वॉश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरुषों के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से काम एक कांस्य पदक सुरक्षित करने में सफल रहे लेकिन स्नूकर में पंकज आडवाणी की हार निराशाजनक रही।

पदक तालिका में भारत शुक्रवार को 11वें स्थान पर बना रहा। गुरुवार को वह तालिका में 12वें स्थान पर खिसक गया था। भारत के खाते में कुल 20 पदक हैं, जिनमें दो स्वर्ण, 10 कांस्य और आठ रजत पदक शामिल हैं। तालिका मे चीन 125 स्वर्ण के साथ पहले, कोरिया 42 स्वर्ण के साथ दूसरे और जापान 24 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।

रोइंग खिलाड़ियों ने किया धमाका :

रोइंग खिलाड़ियों ने शुक्रवार को धमाकेदार शुरुआत करते हुए स्वर्ण सहित कुल तीन पदकों पर कब्जा किया। बजरंग लाल ताखड़ ने एकल स्पर्धा में देश के लिए दूसरा स्वर्ण जीता। ताखड़ ने पुरुष एकल स्कल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। ताखड़ ने दोहा में आयोजित 15वें एशियाई खेलों में देश के लिए रजत पदक जीता था।

ताखड़ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय रोइंग खिलाड़ी बने। ताखड़ ने इस स्पर्धा में सात मिनट और 4.78 सेकेंड का समय निकाला। उन्होंने भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। पहले स्वर्ण पंकज आडवाणी ने बिलियर्ड्स की एकल स्पर्धा में जीता था।

अर्जुन पुरस्कार जीत चुके ताखड़ ने 2000 मीटर की रेस में शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखा था। उन्होंने 500 मीटर 39.52 सेकेंड, 1000 मीटर तीन मिनट 26.32 सेकेंड और 1500 मीटर की दूरी पांच मिनट 13.56 सेकेंड में पूरी की। इस स्पर्धा में रजत पदक चीन के मिंग हुई वांग और कांस्य पदक इराक के हैदर हैमरशीड को मिला।

इसके अलावा पुरुषों की आठ रोइंग स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने रजत पदक जीता। वहीं महिला युगल रोइंग स्पर्धा में प्रतिमा पुहाना और प्रमिला प्रवा मिंज ने कांस्य पदक जीता है। पुरुषों की आठ रोइंग स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों में रजत पदक जीता।

रजत पदक जीतने वाली इस टीम में अनिल कुमार, गिरराज सिंह, साजी थामस, लोकेश कुमार, मंजीत सिंह, राजेश कुमार यादव, रंजीत सिंह, सतीश जोशी और जेनिल कृष्णन शामिल थे। भारतीय दल ने 2,000 मीटर की रेस पांच मिनट 49.50 सेकंड में पूरी की।

स्क्वॉश में सौरव सेमीफाइनल में, दीपिका-जोशना बाहर :

स्क्वॉश में भारत के सौरव सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। सौरव ने अपने ही देश के सिद्धार्थ सुचदे को पराजित कर कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया है। विश्व के 25वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सौरव ने सुचदे को 3-0 से पराजित किया। उन्होंने एशियन गेम्स जिमनेजियम में खेला गया यह मुकाबला 11-6, 11-6, 11-7 से जीता।

महिला वर्ग में पदक की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं। दीपिका पाल्लीकल और जोशना चिनप्पा एकल मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। दोनों खिलाड़ियों को शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

दीपिका को जहां विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मलेशिया की निकोल डेविड ने 3-1 से पराजित किया वहीं जोशना को विश्व की 16वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मलेशिया की ही लो वी वेर्न ने 3-2 से हराया।

दीपिका ने डेविड के खिलाफ दूसरा सेट जीतकर पहले सेट में मिली हार के बाद शानदार वापसी की थी लेकिन वह विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के अनुभव के आगे नहीं टिक सकीं। दीपिका यह मैच 11-8, 7-11, 11-6, 11-4 से हार गईं।

दूसरी ओर, विश्व की 37वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जोशना ने लोव के खिलाफ शुरुआती दो सेट जीतकर शानदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद वह अपने खेल पर नियंत्रण नहीं रख सकीं और यह मैच 11-7, 11-9, 8-11, 9-11, 3-11 से हार गईं।

मुक्केबाज दिनेश अंतिम-4 में, विकास तथा संतोष क्वार्टर फाइनल में :

मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत को कम के कम एक और कांस्य पदक मिलना तय हो गया है। 81 किलोग्राम वर्ग में दिनेश कुमार के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इसके अलावा विकास कृष्णन और संतोष कुमार विरोथू भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं।

दिनेश ने दक्षिण कोरिया के जिनहो हियो को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 10-6 से पराजित किया। दिनेश ने पहले राउंड में पांच अंक हासिल किए जबकि दूसरे राउंड में उन्हें तीन और तीसरे राउंड में दो अंक मिले।

जियो ने तीनों राउंड में 2-2 अंक हासिल किया। अगले दौर में दिनेश का सामना नेपाल के मुक्केबाज दीपक महराजन से होगा। महराजन ने थाईलैंड के कांगकई सुखुम को 4-0 से हराया।

शुक्रवार को भारत के एक अन्य मुक्केबाज विकास कृष्णन 60 किलोग्राम भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। विकास ने दूसरे दौर के मुकाबले में शुक्रवार को तुर्कमेनिस्तान के अर्मानगेलदी हुदाएबर्जेनोव को 8-1 से पराजित किया।

विकास को पहले राउंड में तीन, दूसरे में चार और तीसरे में एक अंक मिला। विकास ने बुधवार को पहले दौर में थाईलैंड के मुक्केबाज अर्डी साइलोम को 8-1 से पराजित किया था।

क्वार्टर फाइनल में विकास की भिड़ंत उत्तर कोरियाई मुक्केबाज चोल सोंग किम से होगी। किम ने अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को कतर के मोहम्मद अब्दुल्ला को 7-5 से हराया।

विकास की राह पर चलते हुए संतोष ने 64 किलोग्राम वर्ग में शुक्रवार को शानदार जीत की और क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। संतोष ने मलेशिया के खिर आजमी को 6-1 से पराजित किया। संतोष को पहले राउंड में तीन, दूसरे में एक और तीसरे राउंड में दो अंक प्राप्त हुए।

विकास और संतोष के अलावा भारत के सुरंजय सिंह और विजेंद्र सिंह भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं जबकि 91 किलोग्राम वर्ग में परमजीत समोता सेमीफाइनल में पहुंचकर कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर चुके हैं।

स्नूकर में मिली निराशा, आडवाणी बाहर :

बिलियर्ड्स की एकल स्पर्धा में देश के लिए पहला स्वर्ण जीतने वाले आडवाणी स्नूकर एकल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं लेकिन आदित्य मेहता पदक की उम्मीद बनाए रखते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंचने मे सफल रहे हैं।

आडवाणी को शुक्रवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हार मिली। आडवाणी को चीन के जुनहुई डिंग ने 4-1 से पराजित किया। डुंग ने आडवाणी को 100-11, 0-86, 84-1, 88-0, 105-7 से पराजित किया।

आडवाणी की विदाई के बाद मुकाबले के लिए उतरे आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे के यु लुन यू को 4-2 से पराजित किया और क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। आदित्य ने यह मैच 67-39, 49-69, 74-42, 16-69, 72-0, 69-37 से जीता।

निशानेबाजों ने तोड़ी पांच दिनों की नाकामी, जीता कांस्य :

लगातार पांच दिनों की नाकामी झेले के बाद भारतीय निशानेबाजों ने सातवें दिन शुक्रवार को डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

मानवजीत सिंह संधू, मानसेर सिंह और जोरावर सिंह की टीम ने कुल 341 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया जबकि लेबनान के निशानेबाजों ने 351 अंक के साथ रजत जीता। इस स्पर्धा का कांस्य कुवैत को मिला, जिसके खिलाड़ियों ने 352 अंक हासिल किए।

मानवजीत, मानसेर और जोरावर ने एकल स्पर्धा में निराश किया। इस स्पर्धा में मानवजीत ने जहां पांचवां स्थान हासिल किया वहीं मानसेर 17वें तथा जोरावर 28वें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण कुवैत के नासिर मियोलाद ने जीता।

महिला ट्रैप टीम ने निराश किया। महिलाओं ने शुक्रवार को इस स्पर्धा में चौथा स्थान मिला। भारतीय टीम ने कुल 181 अंक जुटाए चीन की टीम ने 200 अंक के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।

महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 13-0 से रौंदा :

महिला हॉकी टीम भी शुक्रवार को जीत मिली। उसने अपने चौथे ग्रुप मुकाबले में शुक्रवार को थाईलैंड को 13-0 से रौंद दिया। इस जीत से हालांकि भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कोई फायदा नहीं होगा क्योंकि तीसरे मुकाबले में जापान के हाथों मिली हार के बाद ही उसकी चुनौती समाप्त हो चुकी है।

भारतीय टीम ने चार गोल पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से किए। उसे कुल 11 पेनाल्टी कार्नर प्राप्त हुए। मध्यांतर तक विजेता टीम 7-0 से आगे थी। भारत के लिए कप्तान सुरिंदर कौर ने सर्वाधिक चार गोल किए जबकि सुभद्रा प्रधान ने दो, चानचान थोकचोम, सबा अंजुम, पूनम रानी और जयदीप कौर ने एक-एक गोल किया।

भारत को अपने तीसरे मुकाबले में जापान के हाथों 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मलेशिया को 4-0 से हराकर शानदार आगाज किया था लेकिन दूसरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ वह 0-1 से हार गई थी।

अगले मैच में भारत को सोमवार को कजाकिस्तान से भिड़ना है जबकि अतिम ग्रुप मुकाबले में बुधवार को उसे मेजबान टीम का सामना करना है।

टेनिस में सानिया, सोमदेव और करण जीते :

टेनिस में शुक्रवार के लिए कुल मिलाकर अच्छा रहा। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।

इसके अलावा पुरुष खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन और कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य करण रस्तोगी ने भी दूसरे दौर में जीत हासिल की।

विश्व की 166वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया ने शुक्रवार को खेले गए दूसरे दौर के एकल मुकाबले में चीन की झेंग जी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से पराजित किया। यह मुकाबला एक घंटे 17 मिनट चला।

क्वार्टर फाइनल में सानिया की भिड़ंत थाईलैंड की 33 वर्षीया खिलाड़ी टी. तानासुगर्न से होगी। पुरुषों के एकल वर्ग में सोमदेव ने कतर के जोबार अल मुतावा को 6-0, 6-0 से हराया जबकि करण ने अपने दूसरे दौर के मुकाबले में तुर्कमेनिस्तान के मालीकुली मेमेदकुलियेव को आसानी से 6-0, 6-0 से मात दी।

करण को एशियाई खेलों में सातवीं वरीयता प्राप्त है। करण अगले दौर में चीनी ताइपे के खिलाड़ी ती चेन से भिड़ेंगे। महिलाओं के युगल मुकाबले में हालांकि भारत की एन. संजीव और टी. अय्यर को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को चीन की एस. सुन और एस. झांग ने 6-4, 7-5 से हराया।

कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य विष्णु वर्धन और करण की जोड़ी पुरुषों के युगल वर्ग में जीत हासिल नहीं कर सकी। इस जोड़ी को दक्षिण कोरिया के यंग किम और जेई सोएल की जोड़ी ने 6-1, 3-6, 1-0 (2) से पराजित किया।

इसके अलावा सोमदेव और कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य सनम सिंह की जोड़ी पुरुषों के युगल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। सोमदेव और सनम ने फिलिपींस के जे. अर्चेला और रुबेन जूनियर गोंजालेज को 6-4, 6-2 से हराया। अगले दौर में इस जोड़ी का सामना चीन के बेई यान और झांग झी से होना है।

वॉॅलीबॉल में महिला एवं पुरुष वर्ग में सफलता :

सातवें दिन भारत को वॉॅलीबॉल में महिला एवं पुरुष वर्ग में सफलता मिली। महिला वर्ग में जहां भारत ने मालदीव को 3-0 से पराजित किया वहीं पुरुष वर्ग में उसे जापान पर 3-2 से जीत मिली।

महिलाओं ने ग्रुप-बी के अपने मुकाबले में मालदीव को 25-6, 25-7, 25-6 से पराजित किया। महिलाओं में शिबी जोसफ ने सबसे अधिक 13 अंक बटोरे जबकि मिनीमोल अब्राहम ने 11 अंक हासिल किए।

दूसरी ओर, विश्व की 38वीं वरीयता प्राप्त पुरुष टीम ने अपने से काफी मजबूत जापानी टीम को 25-20, 25-19, 21-25, 26-28, 15-13 से हराया।

विश्व की 14वीं वरीयता प्राप्त जापानी टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने दो घंटे आठ मिनट के बाद मुकाबला अपने नाम किया। भारत की ओर से प्रदीप गुटिकोन्डा ने सर्वाधिक 16 अंक हासिल किए जबकि संजय बनवारी ने 14 तथा सुबे सिंह ने 13 अंक जुटाए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Friday, November 19, 2010, 22:00 [IST]
Other articles published on Nov 19, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+