जिराकपुर (पंजाब), 11 अगस्त (आईएएनएस)। देश को पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाने वाले स्टार निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने पिछले साल बीजिंग ओलंपिक में हासिल किए गए अपने पदक की सालगिरह अपने पिता के फार्महाउस में स्थित विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज में अभ्यास करके मनाई।
बिंद्रा ने 11 अगस्त, 2008 को बीजिंग में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। उनकी इस सफलता पर पूरा देश जश्न में डूब गया था। बिंद्रा ने किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था।
बिंद्रा ने आईएएनएस से कहा, "मैं स्वर्ण पदक जीतने की उस घटना को हमेशा याद रखूंगा। मेरा काम अभ्यास करना है और मेरी कोशिश यही रहती है कि मैं अपने खेल में हमेशा पूरी तरह डूबा रहूं। किसी अन्य दिन की तरह आज के दिन भी मैं सिर्फ इसलिए अभ्यास कर रहा हूं क्योंकि मेरे पदकों की भूख अभी शांत नहीं हुई है।"
बिंद्रा मानते हैं कि आने वाले दिनों में उन्हें कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है, लिहाजा उनका लगातार अभ्यास करते रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, "मेरे सामने कई चुनौतियां आने वाली हैं। मैं हमेशा अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं और यही कारण है कि मैं अभ्यास में कोई कोताही नहीं बरतता।"
बिंद्रा के पिता ए.एस. बिंद्रा ने कहा, "हम सभी अभिनव के स्वर्ण पदक जीतने की सालगिरह पर बहुत खुश हैं। मेरे जेहन में वह पल आज भी ताजा है। हमें अब अभिनव से और कोई चाहत नहीं क्योंकि उन्होंने हमारी सभी ख्वाहिशें पूरी कर दी हैं। वह विश्व के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो विश्व चैंपियन होने के साथ-साथ ओलंपिक चैंपियन भी हैं। वह बहुत समझदार खिलाड़ी हैं और साथ ही वह अपने लक्ष्य को लेकर बिल्कुल स्पष्ट नजरिया रखते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।