स्थानीय केनिंग्टन ओवल मैदान पर इंग्लैंड ने स्टुअर्ट ब्रॉड की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मेहमान टीम को पहली पारी में 160 रनों पर समेट दिया था। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने नौ विकेट के नुकसान पर 373 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। ट्रॉट ने 119 और कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने 75 रनों की पारी खेली। आस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस नॉर्थ ने चार और मिशेल जॉनसन ने दो विकेट लिए। मेजबान टीम ने पहली पारी में 332 रन बनाए थे।
तीसरे दिन विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे आस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों शेन वाटसन और साइमन कैटिच ने संभलकर बल्लेबाजी की। दिन का खेल खत्म होने पर कैटिच 42 और वाटसन 31 रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी के 332 रनों के जवाब में आस्ट्रेलिया की पूरी टीम पहली पारी में महज 160 रनों पर सिमट गई थी। साइमन कैटिच ने सर्वाधिक 50 रनों की पारी खेली थी। इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड ने पांच और ग्रीम स्वान ने चार विकेट चटकाए थे।
गौरतलब है कि श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। ऐसे में दोनों ही यह मैच जीतकर एशेज अपने नाम करना चाहेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।