एशेज : बल्लेबाजी में स्ट्रॉस और गेंदबाजी में हिफेनहास अव्वल
नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीमों के बीच आयोजित एशेज श्रृंखला-2009 समाप्त हो चुकी है। इंग्लैंड ने इस ऐतिहासिक श्रृंखला पर 2-1 से कब्जा किया। इस श्रृंखला के दौरान इंग्लैंड के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस जहां बल्लेबाजी में शीर्ष पर रहे वहीं आस्ट्रेलिया के बेन हिफेनहास ने सर्वाधिक विकेट चटकाए।
स्ट्रॉस ने पांच मैचों की नौ पारियों में 52.66 के औसत से कुल 474 रन बटोरे। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 161 रन रहा। इस प्रदर्शन के लिए स्ट्रॉस को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया।
दूसरी ओर, पहली बार एशेज श्रृंखला में खेल रहे हिफेनहास ने पांच मैचों में 27.45 के औसत से 22 विकेट झटके। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी विश्लेषण 4/60 रहा।
बल्लेबाजों की सूची में आस्ट्रेलियाई टीम के उपकप्तान माइकल क्लार्क दूसरे स्थान पर रहे। क्लार्क ने पांच मैचों की आठ पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 448 रन बटोरे। इस श्रृंखला में क्लार्क ने अपने देश के मार्कस नार्थ के साथ सर्वाधिक दो शतक लगाए।
बल्लेबाजों की सूची में आस्ट्रेलिया का दबदबा रहा। कप्तान रिकी पोंटिंग ने 385 रन बटोरे जबकि नार्थ ने दो शतक और एक अर्धशतक की मदद से 367 रन अपनी झोली में डाले।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच ने 341, विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेड हेडिन ने 278, माइकल हसी ने 276 और हरफनमौला शेन वॉटसन ने 240 रन बटोरे।
बल्लेबाजी क्रम में स्ट्रॉस के बाद इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन मैट प्रायर ने बनाए। प्रायर के खाते में 261 रन दर्ज हैं। इसके अलावा पॉल कोलिगवुड ने 250, ग्रीम स्वान ने 249, स्टुअर्ट ब्रॉड ने 234 और एलिस्टर कुक ने 222 रन बनाए।
गेंदबाजों की सूची में भी पहले तीन स्थान पर आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शामिल हैं। हिफेनहास के अलावा पीटर सिडल और खराब दौर से गुजर रहे मिशेल जानसन ने 20-20 विकेट लिए हैं। सिडल भी पहली बार एशेज श्रृंखला में खेले।
इस श्रृंखला में प्रमुख हरफनमौला खिलाड़ी के तौर पर उभरे ब्रॉड ने 234 रन बनाने के साथ-साथ कुल 18 विकेट भी अपने नाम किए। ब्रॉड ने पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में पांच विकेट लेकर आस्ट्रेलिया की कमर तोड़ी थी। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
इस श्रृंखला के साथ टेस्ट मैचों से संन्यास लेने वाले हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने चार मैचों में 200 रन बनाने के साथ-साथ आठ विकेट भी अपने नाम किए।
फ्लिंटॉफ ने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पांच विकेट लेकर इंग्लैंड को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इंग्लैंड ने वह मैच 115 रनों से जीतकर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त कायम की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications