नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने इंडिया ओपन सुपर सिरीज अपने नाम कर दिया है। फाइनल मुकाबले में सिंधु ने स्पेन की खिलाड़ी और वर्ल्ड नंबर वन कैरोलिना मारिन को 21-19, 21-16 के सीधे सेटों में हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया।
आज सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए फाइनल मैच में सिंधु ने मारिन को सीधे सेटों से हराकर ओलंपिक में अपनी हार का बदला ले लिया। सिंधु इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार पहुंची थी और पहली बार में ही वह इसे जीतने में सफल रहीं। सिंधु जहां पूरे मुकाबले में मारिन पर हावी रहीं तो वहीं मारिन ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया।
इस जीत के साथ ही पीवी सिंधु ने मारिन के खिलाफ अब तक हुए 10 मुकाबलों में पांचवीं जीत दर्ज की। पीवी सिंधु ने कैरोलिना मारिन को महज 46 मिनट में ही सीधे सेटों में हराकर रियो ओलंपिक में मिली हार का बदला ले लिया।