नयी दिल्ली। रियो ओलंपिक में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल लाने के लिए बैंडमिंटन स्टार पीवी सिंधु चंद पलों में नेट में उतरेंगी। सिंधु की जीत के लिए जहां देश पूजा-हवन कर रहा है तो इसका असर सर्च इंजन गूगल पर भी देखने को मिला। सर्च इंजन 'गूगल इंडिया' पर पीवी सिंधू सबसे ज्यादा सर्च किये जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों में टॉप पर पहुंच गई।
जहां सिंधु टॉप पर पहुंची तो वहीं गूगल सर्च में नबंर दो पर रियो ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडल विजेता पहलवान साक्षी मलिक रही। गूगल के मुताबिक वुमेन सिंगल बैडमिंटन के सेमीफाइनल में नोजोमी ओकुहारा को हराने के बाद पीवी सिंधू सबसे अधिक सर्च की जाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
वहीं पिछले तीन दिनों में गूगल इंडिया पर सर्च किए जाने वाले खिलाड़ियों में किदांबी श्रीकांत (बैडमिंटन), दीपा करमाकर (जिमनास्टिक), सानिया मिर्जा (टेनिस), साइना नेहवाल (बैडमिंटन), विनेश फोगाट (कुश्ती), ललिता बाबर (3000 मीटर स्टीपलचेज), विकास कृष्ण यादव (मुक्केबाजी) और नरसिंह पंचम यादव (कुश्ती) शामिल हैं।