हैदराबाद टेस्ट : बेनतीजा मैच में कीवी टीम की मनोवैज्ञानिक जीत (राउंडअप)
तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर हैं। अहमदाबाद में खेला गया पहला टेस्ट मैच भी बराबरी पर छूटा था। तीसरा और आखिरी मुकाबला 20 नवम्बर से नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचोंे की एकदिवसीय श्रृंखला खेली जाएगी।
दूसरा टेस्ट मैच बराबर कराना न्यूजीलैंड के लिए एक तरह से मनोवैज्ञानिक जीत है क्योंकि कीवी टीम के कोच मार्क ग्रेटबैच ने श्रृंखला से पहले कहा था कि उनकी टीम कम से कम दो मुकाबले ड्रॉ कराना चाहेगी। इस लिहाज से कीवी टीम ने सफलता हासिल करते हुए विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम के खिलाफ एक लिहाज से जीत हासिल कर ली है।
तीसरा टेस्ट मैच एक लिहाज से काफी रोचक होगा क्योंकि एक तरफ जहां भारतीय टीम इस मैच को जीतकर श्रृंखला अपने नाम कराना चाहेगी वहीं कीवी टीम की प्राथमिकता इस मुकाबले को भी बराबरी पर समाप्त करने की होगी। वैसे ग्रेटबैच ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने हैदराबाद में शानदार प्रदर्शन किया और अगर गेंदबाजों ने साथ दिया तो वह नागपुर में जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरेंगे।
बहरहाल, न्यूजीलैंड ने पांचवें दिन मंगलवार को भारत के सामने 327 रनों का लक्ष्य रखा था। कीवी टीम ने मैच के अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 448 रनों पर घोषित कर दी। कीवी पारी के दौरान ही मैच बेनतीजा समाप्त होने की संभावना बन गई थी। मैच समाप्ति की घोषणा के वक्त भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट खोए 68 रन बनाए थे।
वीरेंद्र सहवाग ने 54 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि गौतम गंभीर 14 रन पर नाबाद रहे। कीवी टीम की ओर से ब्रेंडन मैक्लम ने सर्वाधिक 225 रन बनाए जबकि केन विलियमसन ने 69 तथा टिम मिशिंटोस ने 49 रनों का योगदान दिया।
भारत की ओर से शांताकुमारन श्रीसंत ने सर्वाधिक तीन विकेट झोली में डाले जबकि सुरेश रैना और प्रज्ञान ओझा को दो-दो सफलता मिली। मैक्लम को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। मैक्लम के शानदार दोहरे शतक और विलियमसन के तेज अर्धशतक की बदौलत मेहमान टीम ने पांचवें दिन भारतीय टीम को करारा जवाब दिया।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाते हुए 115 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। पांचवें दिन के पहले सत्र में भारतीय गेंदबाज पूरी तरह बेअसर साबित हुए। मैक्लम के शानदार खेल का असर रहा कि युवा बल्लेबाज विलियमसन ने भी मैदान पर जल्द ही पैर जमा लिए।
इस बीच अपने टेस्ट करियर का दूसरा मैच खेल रहे विलियमसन ने अर्धशतक पूरा किया। पहले टेस्ट में उन्होंने शतक लगाया था। पहले सत्र में मैक्लम और विलियमसन ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। मैक्लम ने 286 गेंदों का सामना करते हुए 18 चौकों और चार छक्कों की मदद से अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया।
इससे पहले उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 185 रन था। कीवी टीम ने 345 रन के कुल योग पर विलियमसन और 396 रनों पर कप्तान डेनियल विटोरी के विकेट गंवाए। विटोरी ने 23 रन बनाए जबकि विलियमसन ने 146 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 69 रनों की उपयोगी पारी खेली।
चौथे दिन कीवी टीम ने सलामी बल्लेबाज मिशिंटोस (49), मार्टिन गुपटिल (18), जेसी राइडर (20) और रॉस टेलर (7) के विकेट गंवाए थे। मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 350 रन बनाए थे।
भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 472 रन बनाने में सफल रही। इसमें हरभजन सिंह के नाबाद 111 रन शामिल हैं। श्रृंखला में हरभजन का यह लगातार दूसरा शतक था। भज्जी ने अहमदाबाद टेस्ट की दूसरी पारी में 115 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications