Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशियाड-2010 : भारत की झोली में चौथे दिन 4 कांस्य पदक आए

क्वांगचो, 16 नवंबर (आईएएनएस)। 16वें एशियाई खेलों के चौथे दिन मंगलवार को जिमनास्ट आशीष कुमार, तैराक वीरधवल खड़े, महिला शतरंज खिलाड़ी हरिका द्रोणावल्ली और वुशु खिलाड़ी बिमोलजीत सिह ने भारत की झोली में कुल चार कांस्य पदक डाले।

दूसरी ओर मुक्केबाज सुरंजय सिंह, टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत और साहा की जोड़ी अगले दौर में पहुंचने में कामयाब हुई।

आशीष एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले देश के पहले जिमनास्ट हैं। जबकि खड़े ने तैराकी में 24 वर्ष बाद भारत के लिए पदक जीते हैं।

महिला वुशु खिलाड़ी संध्यारानी फाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्का कर लिया है।

निशानेबाजों से पदक की उम्मीद थी लेकिन 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में महिलाएं सातवें स्थान पर रहीं। स्टार मुक्केबाज सुरंजय सिंह 52 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जबकि ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी बैडमिंटन युगल स्पर्धा के प्री-क्र्वाटर फाइनल में हार गई।

इसके अलावा टेबल टेनिस में शरत कमल और शुभोजीत साहा की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। वॉलीबॉल में भारत ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की लेकिन जूडो, बैडमिंटन मिश्रित युगल, भारोत्तोलन (77 किलोग्राम), फुटबाल, कैरम, साइकिलिंग और महिला हॉकी में भारत को हार मिली।

चौथे दिन भारत पदक तालिका में नौवें स्थान पर खिसक गया। भारत के खाते में सात कांस्य, चार रजत और एक स्वर्ण हैं। मेजबान चीन 75 स्वर्ण के साथ पहले, कोरिया 22 स्वर्ण के साथ दूसरे और जापान 15 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।

तैराकी में वीरधवल ने रचा इतिहास :

भारत के राष्ट्रीय चैम्पियन वीरधवल ने 50 मीटर बटरफ्लाई तैराकी स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करके इतिहास रच दिया। भारत को एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में 24 वर्ष बाद कोई पदक प्राप्त हुआ है।

वीरधवल ने हीट में 24.56 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया था। इसी दिन आयोजित फाइनल में वीरधवल ने 24.31 सेकेंड समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

पहले स्थान पर चीन के जियावेई झोउ रहे। झोउ ने 23.66 सेकेंड समय में यह दूरी नापी। इस स्पर्धा का रजत जापान के मासायुकी किसिदा को मिला। किसिदा ने यह दूरी 24.13 सेकेंड में नापी।

वीरधवल सोमवार को भी कांस्य पदक जीत सकते थे लेकिन वह 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 0.03 सेकेंड के अंतर से चूक गए थे।

वीरधवल से पहले खजान सिंह ने 1986 के सियोल एशियाई खेलों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

एशियाई खेलों की तैराकी स्पर्धा में भारत को अब तक सिर्फ एक स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। 1951 में नई दिल्ली में आयोजित इन खेलों के पहले संस्करण में सचिन नाग ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया था।

वीरधवल को इस शानदार उपलब्धि की महत्ता का अहसास है। उन्होंने पदक जीतने के बाद कहा, "24 वर्ष बाद देश के लिए पदक जीतकर सुखद अहसास हो रहा है। सोमवार को कांस्य से चूकने के बाद मैं हर हाल में पदक जीतना चाहता था।"

"रजत या स्वर्ण जीतने की स्थिति में मुझे अपार खुशी होती लेकिन मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मेरे लिए शुरुआत में दिक्कत होती है। आने वाले दिनों में मैं इस दिशा में काम करुं गा।"

बटरफ्लाई वर्ग में भारत के एक अन्य तैराक अंशुल कोठारी ने 26.08 सेकेंड समय लिया लेकिन वह फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट में रेहान पोंचा ने 59.38 सेकेंड समय के साथ छठा और बद्रीनाथ मल्कोते ने 56.62 सेकेंड समय के साथ सातवां स्थान हासिल किया।

4 गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम को हीट में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। भारतीय टीम ने 3 मिनट 29.71 सेकेंड समय लिया। भारतीय टीम में अेंजेल डिसूजा, अर्जुन जयप्रकाश, अंशुल कोठारी और वीरधवल शामिल हैं।

जिमनास्टिक में आशीष ने दिलाया पहला पदक :

आशीष ने पुरुषों की कलात्मक जिमनास्टिक स्पर्धा के फ्लोर वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। 19 वर्षीय आशीष ने अक्टूबर में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान देश के लिए पहली बार जिमनास्टिक में पदक जीतकर इतिहास रचा था।

आशीष ने नई दिल्ली में वॉल्ट में रजत और फ्लोर स्पर्धा में कांस्य हासिल किया था। आशीष एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले देश के पहले जिमनास्ट हैं।फ्लोर वर्ग का स्वर्ण चीन के चेंगलोंग झांग के खाते में गया जबकि रजत कोरिया के सू म्यून किम ने जीता।

आशीष ने कुल 14.92 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया जबकि झांग ने 15.40 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। म्यून ने भी इतने ही अंक हासिल किए।

हरिका के मोहरों ने दिखाई चमक, जीता कांस्य :

भारत की हरिका द्रोणावल्ली ने महिलाओं की व्यक्तिगत शतरंज स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

चीन की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी होउ यिफान ने इस स्पर्धा का स्वर्ण हासिल किया जबकि उनके ही देश की झाओ ज्यू ने रजत हासिल किया।

हरिका ने कुल आठ मुकाबले खेले और पांच जीत के साथ 5.5 अंक हासिल किए। उनके खाते में दो हार और एक ड्रा भी दर्ज है।

वुशु में बिमोलजीत ने जीता कांस्य :

बिमोलजीत सिंह ने पुरूष वुशु स्पर्धा के 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया जबकि महिला खिलाड़ी संध्या देवी ने फाइनल में पहुंचकर रजत पदक पक्का कर लिया है।

बिमोलजीत पुरूष वर्ग के सेमीफाइनल में ईरान के मोहसेन मोहम्मदसेफी से 0-2 से हार कर कांस्य पदक पर कब्जा किया।

वहीं महिला वर्ग में संध्यारानी ने सेमीफाइनल मुकाबले में लाओस की पालॉय बारख्म को 8-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही संध्या का रजत पदक पक्का हो गया है।

संध्या फाइनल मुकाबले में ईरान की खादिजे अजादपॉर से बुधवार को अपना मैच खेलेंगी।

मुक्केबाज सुरंजय पहुंचे अंतिम-16 दौर में :

भारत के स्टार मुक्केबाज सुरंजय सिंह ने शानदार आगाज करते हुए फ्लाईवेट वर्ग (52 किलोग्राम) के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले 24 वर्षीय सुरंजय ने मंगलवार को फोशान जिमनेजियम में आयोजित अपने पहले दौर के मुकाबले में थाईलैंड के चातचाई बुतदी को 7-2 से पराजित किया।

अप्रैल 2009 के बाद देश के लिए सात अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीत चुके सुरंजय ने पहले राउंड में एक अंक हासिल किए थे जबकि दूसरे और तीसरे राउंड में उनके खाते में तीन-तीन अंक जुटे। दूसरी ओर बुतदी तीसरे राउंड में दो अंक हासिल कर सके।

मैच के बाद सुरंजय ने कहा, "यह मेरा श्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं था। किसी आयोजन के पहले मुकाबले में मेरा शरीर थोड़ा अकड़ा रहता है। तीन दौर के बाद मैं अब सहज महसूस कर रहा हूं। आशा है कि आगे के दौर में मेरा प्रदर्शन इससे भी अच्छा रहेगा।"

अगले दौर में सुरंजय की भिड़ंत कोरिया के जे. किम से होगी। किम ने अपने पहले दौर के मुकाबले में मंगलवार को कजाकिस्तान के मिरास झाखुपोव को 5-3 से पराजित किया।

बैडमिंटन के महिला युगल वर्ग में चुनौती समाप्त :

ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी प्री-क्र्वाटर फाइनल में पहुंचने में सफल रही लेकिन इस दौर में उसे चीन की क्विंग तियान और युनलेई जियाओ की जोड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली गुट्टा और पोनप्पा की जोड़ी ने थाईलैंड की सावित्री अमित्रापई और पी. मुन्कितचोकेचारोन की जोड़ी के खिलाफ पहला गेम 21-13 से जीता था।

इसके बाद यह थाई जोड़ी रिटायर हो गई और इस तरह से मैच भारत के नाम रहा। प्री- क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ज्वाला और अश्विनी की भिडं़त चीन की तियान किन और झाओ युनलेई की जोड़ी से होगी। यह मुकाबला कठिन माना जा रहा है।

तियान और जियाओ के खिलाफ पोनप्पा और गुट्टा की एक नहीं चली और यह जोड़ी 10-21, 5-21 से हारकर खिताबी दौड़ से बाहर हो गई।

एक अन्य मुकाबले में भारत की अपर्णा बालन और प्राजक्ता सावंत को हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को मलेशिया की एनजी मैरीलेन पाओलेंग और खे वे वून की जोड़ी ने 21-17, 21-7 से मात दी।

निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन जारी :

भारतीय निशानेबाजों का खराब प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। पहले दिन दो रजत हासिल करने वाले निशानेबाजों को अब तक स्वर्ण का इंतजार है। मंगलवार को महिला पिस्टल टीम 25 मीटर स्पर्धा में सातवें स्थान पर रही।

राही सरनोवत, अनु राज सिंह और अनीसा सैय्यद ने निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए पदक की उम्मीद को धो दिया। भारतीय टीम ने कुल 1717 अंक हासिल किए जबकि कजाकिस्तान की महिलाओं ने 1731 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो राही ने 577, अनु ने 574 और अनीसा ने 566 अंक हासिल किए। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रीशिसन में 856 और रैपिड फायर में 861 अंक जुटाए। मंगोलिया ने 1725 अंकों के साथ रजत जीता जबकि 1723 अंकों के साथ दक्षिण कोरिया को कांस्य प्राप्त हुआ।

जूडो में तोम्बी देवी और नवाजोत चाना की हार :

जूडो स्पर्धा में तोम्बी देवी और नवाजोत चाना की हार के साथ ही भारत का अभियान खत्म हो गया। विश्व कप में कांस्य जीतने वाली तोम्बी क्वार्टर फाइनल मुकाबले के 48 किलाग्राम वर्ग में चीन की जुंग येओन चुंग के खिलाफ एक अंक भी हासिल नहीं कर सकीं।

उन्हें चुंग ने शून्य के मुकाबले 110 अंको से पराजित किया। इसी तरह नवजोत भी 60 किलोग्राम वर्ग में बुरी तरह पराजित हो गए। नवजोत को उज्बेकिस्तान के रिशेद सोबिरोव ने महज तीन मिनटों में 120/0 से मात दी।

शरत और साहा टेबल टेनिस के प्री-क्वार्टर फाइनल में :

शरत और साहा की जोड़ी टेबल टेनिस स्पर्धा के पुरुषों के युगल मुकाबलों प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। शरत और साहा ने मंगलवार को कुवैत के एच. अल्बाहरानी और एम. एलेन्जी को जोड़ी को 11-7, 11-4, 11-7 से पराजित किया।

शरत और साहा ने इस वर्ष अक्टूबर में नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों की युगल स्पर्धा का स्वर्ण जीता था।

मिश्रित युगल मुकाबले में शरत को हालांकि निराशा हाथ लगी। अपनी जोड़ीदार शामिनी कुमारसेन के साथ खेलते हुए शरत प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हार गए।

इस भारतीय जोड़ी को जापानी जोड़ी सेया किशिकावा और अई फुकुहारा ने मंगलवार को 10-12, 11-4, 8-11, 11-2, 11-6 से मात दी।

पुरुषों की युगल स्पर्धा के पहले दौर में हांगकांग के चेयुंग यूक और ली चिंग ने भारत के सौम्यदीप रॉय और एंथनी अमलराज को 11-5, 11-5, 11-7 से हराया।

जापान से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम :

भारतीय महिला हॉकी टीम को मंगलवार को अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में जापान के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।

ग्रुप-ए के मुकाबले में जापान ने भारत को 3-0 से पराजित किया। जापान ने 10वें, 31वें और 70वें मिनट में गोल किए। जापान के लिए कप्तान मियुकी नाकागावा, चिबा काओरी और अराई माजुकी ने गोल किए।

भारतीय टीम ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में मलेशिया को 4-0 से हराकर शानदार आगाज किया था लेकिन दूसरे मुकाबले में वह अपना लय भूल गई। अगले मैच में भारत को दक्षिण कोरिया से बुधवार को भिड़ना है।

भारोत्तोलन में भी भारत को निराशा :

भारोत्तोलन में भी भारत को निराशा हाथ लगी। भारत के सी. सुधीर ने मंगलवार को 77 किलोग्राम वर्ग में निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान हासिल किया।

सुधीर ने इस वर्ग में कुल 295 किलोग्राम भार उठाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण उत्तर कोरिया के कुम चोल पांग ने जीता। पांग ने कुल 348 किलोग्राम वजन उठाया।

सुधीर ने स्नैच में 135 किलोग्राम और क्लीन तथा जर्क में कुल 160 किलोग्राम भार उठाया। पहले स्थान पर रहे पांग ने स्नैच में 156 और क्लीन तथा जर्क में 192 किलोग्राम वजन उठाया।

कजाकिस्तान के भारोत्तोलक किरील पालोव ने 325 किलोग्राम वजन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जबकि उन्हीं के देश के डाउरेन शायुयेतेव ने 310 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।

फुटबाल टीम जापान के हाथों हारी :

फुटबाल टीम को मंगलवार को जापान के हाथों ग्रुप मुकाबले में 5-0 से हार झेलनी पड़ी। दो बार खिताब जीत चुकी भारतीय टीम खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी है। भारत ने अपने पहले मैच में सिंगापुर को 4-1 से हराया था।

वॉलीबॉल टीम की दूसरी जीत :

वॉलीबॉल टीम ने उम्मीदों को जिंदा रखते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। उसने अपने पहले मुकाबले में मजबूत कजाकिस्तान को पराजित किया था लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे कोरिया के हाथों हार मिली थी।

भारतीय टीम ने मंगलवार को वितयनाम को 3-0 से पराजित किया। साथ ही साथ उसने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। तीन मैचों में से दो जीत हासिल करके भारतीय टीम ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रही। कोरिया की टीम इस ग्रुप में पहले स्थान पर है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 16, 2010, 22:25 [IST]
Other articles published on Nov 16, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+