श्रीलंका ने की पाकिस्तान के स्कोर की बराबरी (लीड-3)
श्रीलंका का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज मलिंडा वर्नपुरा के रूप में गिरा। वर्नपुरा 17 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर तेज गेंदबाज उमर गुल की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। वर्नपुरा का विकेट 28 रन के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद थरंगा पारानाविताना (26) और कप्तान कुमार संगकारा ने पारी को संवारते हुए कुल योग को 82 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर सईद अजमल ने पारानाविताना को कामरान अकमल के हाथों कैच करा दिया। पारानाविताना ने 68 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
खबर लिखे जाने तक संगकारा 60 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 43 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि माहेला जयवर्धने ने पांच रन बनाए थे।
इससे पहले, नुवान कुलसेकरा, अजंता मेंडिस और थिलन तुषारा की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। पाकिस्तान की पूरी टीम 36 ओवरों में सिर्फ 90 रनों पर सिमट गई।
पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। मलिक ने अपनी 88 गेंदों की नाबाद पारी के दौरान पांच चौके लगाए।
मलिक समेत सिर्फ तीन बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सलामी बल्लेबाज फवद आलम ने 16 और मध्यक्रम की रीढ़ कहे जाने वाले मोहम्मद यूसुफ ने 10 रन बनाए।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज खुर्रम मंजूर (3), कप्तान यूनुस खान (0), मिस्बाह उल हक (0), अकमल (9), अब्दुर रउफ (0), उमर गुल (1), मोहम्मद आमिर (2) और अजमल (0) ने निराश किया।
श्रीलंका की ओर से कुलसेकरा ने चार, मेंडिस ने तीन, तुषारा ने दो और एंजेलो मैथ्यूज ने एक विकेट हासिल किए।
तीन मैचों की श्रृंखला में श्रीलंका 1-0 से आगे चल रहा है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान पर नाटकीय जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications