हैदराबाद। विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल जल्द ही आंध्र प्रदेश पर्यटन विभाग की ब्रांड एंबेस्डर बनेंगी। हरियाणा में जन्मी व हैदराबाद में पली बढ़ीं सायना को आंध्र प्रदेश पर्यटन मंत्रालय ने इस सम्मान से नवाजने का फैसला लिया है।
आंध्रप्रदेश में सैलानियों को लुभाने के लिए राज्य सरकार सायना नेहवाल को ब्रांड एंबेस्डर बनाएगी और पर्यटन का प्रोमोशन करेगी। पर्यटन सचिव जयेश रंजन के मुताबिक सायना ने ब्रांड दूत बनने को मंजूरी दे दी है। जल्दी सहमति पत्र पर हस्ताक्षर होंगे। सायना को 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर इस पद से नवाजा जाएगा।
ब्रांड एंबेस्डर बनाए जाने पर सायना नेहवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि वो अपने राज्य के प्रति दायित्वों को बखूबी निभाने के प्रयास करेंगी। बैडमिंटन के बारे में बताया कि 23 अगस्त से शुरू हो रही विश्व चैंपियनशिप की तैयारी में वो जुटी हुई हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले सानिया मिर्जा और पुलेला गोपीचंद आंध्र प्रदेश पर्यटन के ब्रांड एंबेस्डर रह चुके हैं।