हैदराबाद। पिछले तीन सप्ताह में तीन खिताब जीत कर खिताबी हैट्रिक मारने वाली भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल जल्द ही विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी बनेंगी। मेहनत और लगन के बल पर आगे बढ़ रही सायना की निगाहें भी इसी पोजीशन पर हैं।
इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीतकर स्वदेश लौटीं सायना ने आशा जताई है कि वह विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बन सकती हैं। विश्व रैकिंग में फिलहाल वह तीसरे नंबर की खिलाड़ी हैं। मीडिया से बातचीत में सायना ने कहा, "निश्चित तौर पर मैं नंबर एक पर पहुंचने की कोशिश करूंगी। जब मैं नंबर तीन बन सकती हूं तो फिर विश्व नंबर एक भी बन सकती हं। अब मैं पहले से बेहतर खेलने लगी हूं। मेरी फिटनेस में भी सुधार हुआ है। आगे मैं और मेहनत करूंगी।"
क्लिक करें- सायना की सफलता का सफरनामा | ईमेल पर खबरें
सायना ने कहा, "इस बात से बहुत खुश हूं कि मैं विश्व रैकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हूं। परंतु फिलहाल मेरे लिए महत्वपूर्ण यह है कि मैं रैंकिंग के बजाय टूर्नामेंट जीतते रहने और कड़ी मेहनत जारी रखने पर ध्यान दूं।" सायना ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच पुलेला गोपीचंद को दिया। उन्होंने कहा कि वह हाल की अपनी कामयाबियों से बहुत खुश हैं और आगे वह विश्व चैम्पियनशिप, राष्ट्रमंडल खेलों व एशियाई खेलों में अच्छा करने की कोशिश करेंगी।
सायना ने कहा, "वैसे तो हर मुकाबला कड़ा होता है लेकिन मैं इंडोनेशियन ओपन के फाइनल को सबसे कड़ा मुकाबला कहूंगी। सिंगापुर ओपन भी एक कड़ी स्पर्धा वाला टूर्नामेंट थरा। लगातार तीन टूर्नामेंट जीतने से मेरा उत्साह बहुत बढ़ गया है। मैं अब चुनिंदा टूर्नामेंट में खेलने पर ध्यान दूंगी ताकि चोट न लगे और इनमें अच्छा प्रदर्शन कर सकूं।"