For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

एशियाड-2010 : 2 रजत व 1 कांस्य मिले, 3 पदक की उम्मीद जगी (राउंडअप)

By Staff

बैडमिंटन में गुरुवार का दिन देश के लिए निराशाजनक रहा। विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त सायन नेहलवाल जिन्हें एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक का दावेदार माना जा रहा था, क्वार्टरफाइनल मुकाबले में वह हार गईं। टेनिस के एकल में सानिया मिर्जा, मुक्केबाजी में सुरंजय सिंह, स्कॉवश में भारतीय खिलाड़यों ने जीत हासिल कर पदक की उम्मीद बरकरार रखी।

भारत के खाते में कुल 16 पदक आए हैं। इनमें आठ कांस्य, सात रजत और एक स्वर्ण शामिल है। तालिका में चीन ने 109 स्वर्ण के साथ पहला, कोरिया ने 35 स्वर्ण के साथ दूसरा और जापान ने 20 स्वर्ण के साथ तीसरा स्थान बनाए रखा है।

रोइंग टीम ने 2 रजत पदक जीते। पहला रजत लाइटवेट मेन्स-4 वर्ग में लोकेश कुमार, मनजीत सिंह, राजेश यादव और सतीश जोशी ने जीता। इंटरनेश्नल रोइंग सेंटर में आयोजित इस रेस में लेन-4 से शुरुआत करते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय टीम ने छह मिनट 13.32 सेकेंड में यह रेस पूरी की। जापान ने इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता। जापानी टीम ने छह मिनट 10.14 सेकेंड का समय लिया। हांगकांग की टीम को इस स्पर्धा का कांस्य प्राप्त हुआ। हांगकांग की टीम ने जापान से 4.70 सेकेंड अधिक समय लेते हुए रेस पूरी की।

दूसरा रजत मेन्स-4 वर्ग में मिला। अनिल कुमार, साजी थॉमस, रंजीत सिंह और जेलिन कृष्णन ने इस वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग का स्वर्ण चीन को मिला। अनिल, थॉमस, रंजीत और जेनिल ने इस स्पर्धा में 6 मिनट 16.79 सेकेंड का समय लिया। यह टीम स्वर्ण जीतने वाली चीनी टीम से 10.39 सेकेंड पीछे रही। कांस्य उजबेकिस्तान ने जीता।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के निशानेबाज विजय कुमार ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में गुरुवार को कांस्य पदक हासिल किया लेकिन अब तक दो रजत जीत चुके गगन नारंग और दूसरे राइफल शूटरों ने निराश किया।

फाइनल में कुल 583 अंक हासिल करने वाले विजय ने चीन में दूसरा कांस्य हासिल किया है। इससे पहले उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रविवार को कांस्य हासिल किया था। इस स्पर्धा का स्वर्ण दक्षिण कोरिया के बयुंग ताएक पार्क (586) ने जीता जबकि रजत चीन के याडोंग लियू (585) को मिला।

इस स्पर्धा में भारत के ओमकार सिंह निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए आठवें स्थान पर रहे जबकि हरप्रीत सिंह ने 32वां स्थान हासिल किया। ओमकार ने कुल 580 अंक हासिल किए जबकि हरप्रीत 563 अंक ही अपनी झोली में डाल सके।

इससे पहले, पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन व्यक्तिगत स्पर्धा में नारंग ने चौथा स्थान हासिल किया। नारंग ने कुल 1261 अंक जुटाए जबकि दक्षिण कोरिया के जिनसाप हान ने 1269 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया।

50 मीटर राइफल 3-पोजीशन पुरुष टीम स्पर्धा में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही। संजीव राजपूत, गगन नारंग और इमरान हसन खान की भारतीय टीम ने कुल 3458 अंक जुटाए जबकि दक्षिण कोरियाई टीम ने 3489 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

भारतीय टीम ने प्रोन में 1176, स्टैंडिंग में 1138 और नीलिंग में 1144 अंक हासिल किए। 3458 अंकों में से संजीव ने 1146, इमरान ने 1150 और गगन ने 1162 अंक जुटाए। कजाकिस्तान को इस स्पर्धा का रजत और चीन को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

इसके अलावा टेनिस में भारत के सनम सिंह और रश्मी चक्रवर्ती की जोड़ी मिश्रित युगल स्पर्धा के दूसरे दौर में पहुंच गई। कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा रहे सनम और रश्मी ने गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में उजबेकिस्तान के वी. जाकोव और एन. अब्दुरैमोवा को 7-5, 6-3 से पराजित किया।

इसी दिन खेले गए एकल मुकाबले में भारत की पूजाश्री वेंकटेश हार गई हैं। गैरवरीय खिलाड़ी पूजाश्री को गुरुवार को खेले गए मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की खिलाड़ी चेन चांग ने 6-2, 6-2 से पराजित किया।

इससे पहले, भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा पहले दौर में आसान जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सानिया ने गुरुवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में हांगकांग की विंग वेनीस चांग को 6-1, 6-0 से पराजित किया। सानिया ने यह मैच 50 मिनट में अपने नाम किया।

अगले दौर में सानिया की भिड़ंत चीन की खिलाड़ी शुआई झांग से होगी। झांग ने अपने पहले दौर के मुकाबले में नेपाल की मल्लिका राणा को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से पराजित किया।

बैडमिंटन में भारत को गुरुवार को निराशा हाथ लगी। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल एकल मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में हार गई। इससे पहले पुरुषों की बैडमिंटन एकल स्पर्धा में अरविंद भट्ट प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गए।

सायना को हांगकांग की यिन ने 8-21,21-8,21-19 से हराया। की यिन ने 2006 दोहा एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था।

बीते महीने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सायना ने महिला एकल खिताब जीता था। विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त सायना को एकल खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

पुरुषों की बैडमिंटन एकल स्पर्धा में अरविंद भट्ट की प्री-क्वार्टर फाइनल में हार हुई। भट्ट को थाईलैंड के बूनसैक पोनसाना ने 21-19, 21-12 से पराजित किया।

राष्ट्रमंडल खेलों की एकल स्पर्धा में कांस्य जीतने वाले पुरुपल्ली कश्यप बुधवार को ही एकल मुकाबलों से बाहर हो गए थे। महिला एकल में विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त सायना नेहवाल बुधवार को आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी हैं।

2008 में बीजिंग में आयोजित ओलम्पिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकीं सायना ने प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में मलेशिया की लाइडिया चेह को 2-0 से पराजित किया था। बीते महीने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान महिला एकल खिताब जीतने वाली सायना ने चेह को 21-15, 21-17 से पराजित किया था।

मुक्केबाजी में समोता 91 किलोग्राम वर्ग (सुपर हेवीवेट) के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इस तरह समोता ने अपने लिए कम से कम एक कांस्य पदक सुरक्षित कर लिया है।

राष्ट्रमंडल खेलों में इस वर्ग का स्वर्ण जीतने वाले समोता ने गुरुवार को आयोजित क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के सुंगकून पार्क को 9-4 से पराजित किया।

समोता के मुक्कों के आगे बदम पार्क को तीसरे राउंड में जाने की जरूरत ही नहीं पड़ी। समोता ने पहले राउंड में पांच अंक जुटाए जबकि दूसरे राउंड में उनके खाते में चार अंक जुड़े। दूसरी ओर पार्क ने दोनों राउंड में दो-दो अंक हासिल किए।

इसी दिन खेले गए एक अन्य मुकाबले में सुरंजय सिंह ने जीत हासिल करते हुए अंतिम-8 दौर में जगह पक्की की। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले सेना के सुरंजय ने 52 किलोग्राम वर्ग में गुरुवार को उजबेकिस्तान के मुक्केबाज जुसोंग किम को 8-6 से पराजित किया।

स्क्वॉश में भी भारत को अच्छी खबर मिली। जोशना चिनप्पा और दीपिका पाल्लीकल महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।

दीपिका ने गुरुवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जहां चीन की जिनयू गू को पहले दौर में 11-4, 12-10, 11-1 से पराजित किया वहीं जोशना ने फिलिपींस की जेमेका अरीबोडा को 11-6, 11-7, 11-4 से हराया।

जोशना अगले दौर में विश्व की 16वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मलेशिया की लोव वेर्न से भिड़ेंगी। शुक्रवार को दीपिका विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी निकोल डेविड के साथ दो-दो हाथ करेंगी।

गोल्फ में भारत के राशिद खान यहां ड्रैगन लेक गोल्फ कोर्स मैदान पर स्पर्धा के दूसरे दिन बराबरी पर रहे। इसके साथ ही पुरुष के व्यक्तिगत और पुरुष टीम वर्ग की प्रतिस्पर्धा में पदक की उम्मीद बंधी हुई है।

फाल्दो एशियाई श्रृंखला के पूर्व विजेता 19 वर्षीय खान प्रतिस्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहे। इसके पूर्व वह पहले दौर में सफल रहे और एक पदक की उम्मीद बरकरार रखी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Friday, November 19, 2010, 1:25 [IST]
Other articles published on Nov 19, 2010
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+