आस्ट्रेलिया की पहली पारी 263 रनों पर सिमटी (लीड-4)
आस्ट्रेलिया ने भोजनकाल तक आठ विकेट गंवाकर 208 रन बनाए थे। उसके लिए सुकून की बात यह रही कि नेथन हॉरिट्स (नाबाद 20), पीटर सिडल (13) और बेन हिफेनहास ने 60 रन जोड़े। सिडल का विकेट एंडरसन ने लिया जबकि हिफेनहास को अनियंस ने आउट किया।
मैच के पहले दिन गुरुवार को एक विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाने वाली मेहमान टीम दूसरे दिन की शुरुआत के साथ ही लगातार अंतराल पर अपने विकेट गंवाती रही। पहले दिन भारी बारिश के कारण 30 ओवरों का खेल ही संभव हो सका था।
पहले दिन स्टंप्स तक शेन वॉटसन 62 और कप्तान रिकी पोंटिंग 17 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही वॉटसन अपने एक दिन पहले के व्यक्तिगत योग में एक भी रन जोड़े बिना ही पेवेलियन लौट गए। उन्हें ग्राहम अनियंस की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिया गया। आस्ट्रेलिया का यह विकेट 126 के कुल योग पर गिरा।
इसी योग पर अनियंस ने माइकल हसी को भी पेवेलियन लौटा दिया। हसी खाता भी नहीं खोल सके। हसी की विदाई के बाद पोंटिंग और माइकल क्लार्क ने कुल योग को 163 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर पोंटिंग अनियंस के तीसरे शिकार बने।
पोंटिंग ने 47 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों की मदद से 38 रन बनाए। अब पारी को संवारने की जिम्मेदारी क्लार्क और मार्कस नॉर्थ के कंधों पर आ गई।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े लेकिन क्लार्क के 29 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट होने के साथ यह साझेदारी टूट गई। क्लार्क का विकेट 193 रन के कुल योग पर गिरा। उन्हें जेम्स एंडरसन की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिया गया।
क्लार्क के आउट होने के बाद नॉर्थ (12), विकेटकीपर बल्लेबाज ग्राहम मनाउ (8) और मिशेल जानसन (0) सस्ते में पेवेलियन लौट गए। ये तीनों विकेट एंडरसन के खाते में गए।
आस्ट्रेलिया ने अपना पहला विकेट मैच के पहले दिन साइमन कैटिच के रूप में गंवाया था। कैटिच ने 48 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 46 रन बनाए थे। कैटिच का विकेट ग्रीम स्वान के खाते में गया था।
पांच मैचों की श्रृंखला में मेहमान टीम 0-1 से पिछड़ रही है। कार्डिफ में खेला गया पहला मैच बराबरी पर छूटा था जबकि लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने 115 रनों से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications