जकार्ता। विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में तीसरे स्थान पर कब्जा करने वाली भारतीय स्टार सायना नेहवाल शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज के फाइनल में पहुंच गई है।
इंडोनेशिया ओपन की मौजूदा चैम्पियन सायना ने शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की एरिको हिरोसे को सीधे सेटों में 21-9, 21-10 को पराजित किया। विश्व में तीसरी वरीयता प्राप्त साइना रविवार को खिताबी मुकाबले में जापान की सायाका सातो से भिड़ेंगी। सातो ने मेजबान खिलाड़ी अना रोविता को 22-20, 21-17 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
इसके साथ ही सायना बीते तीन सप्ताह में तीसरा खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं। पिछले दिनों उन्होंने इंडियन ओपन और सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता था।