नई दिल्ली। बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के बाद भारतीय खिलाड़ियों को खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा। सायना नेहवाल गुरुवार को शीर्ष 10 से बाहर हो गईं, जबकि किदांबी श्रीकांत दो स्थान के नुकसान से ताजा बीडब्ल्यूएफ सिंगल्स रैंकिंग में आठवें स्थान पर पहुंच गए। सायना नेहवाल को भी एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा वह 10वें से 11वें पायदान पर जा पहुंची। विश्व चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार अपने नाम सिल्वर मेडल करने वाली पीवी सिंधु तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। ताइवान की खिलाड़ी ताई जु यिंग इस रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। दूसरे स्थान पर जापान की अकाने यामागुची हैं।
एचएस प्रणॉय भी अपने स्थाई प्रदर्शन के चलते 11वें स्थान कायम हैं। विश्व चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले बी साई प्रणीत दो स्थान के फायदे के साथ 24वें स्थान पर हैं वहीं, 21वें स्थान पर काबिज समीर वर्मा को दो स्थान नीचे आ गए हैं।
मिक्सड डबल्स जोड़ी की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग:
अश्विनी पोनप्पा और सात्विक साईराज रैंकीरेड्डी की मिक्सड डबल्स जोड़ी करियर की सर्वश्रेष्ठ 28वीं रैंकिंग पर पहुंच गई है। इस जोड़ी को करियर रैंकिंग में 12 स्थान का फायदा हुआ है।