मुरली कहेंगे टेस्ट को अलविदा
श्रीलंका के स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन वर्ष 2010 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे. डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने खेलना जारी रखा, तो उनके घुटने की समस्या बढ़ सकती है.
हालाँकि टेस्ट क्रिकेट और एक दिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले मुथैया मुरलीधरन एक दिवसीय और ट्वेन्टी-20 मैचों में खेलना जारी रखेंगे.
पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मौजूदा वनडे सिरीज़ के पहले मैच में मैन ऑफ़ द मैच रहे मुथैया मुरलीधन ने दम्बुला में पत्रकारों के साथ बातचीत में ये घोषणा की.
उन्होंने कहा, "मैं सोच रहा हूँ कि अगले साल सितंबर में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ मेरी आख़िरी टेस्ट सिरीज़ होगी. मैं 2011 विश्व कप तक खेलना चाहता हूँ, अगर खेल सका तो."
हाल के दिनों दुनिया के बेहतरीन ऑफ़ स्पिनरों में से एक मुथैया मुरलीधरन चोट के कारण काफ़ी परेशान रहे हैं. दाएँ घुटने की चोट के कारण मुरलीधरन पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में नहीं खेल पाए थे.
श्रीलंका ने यह सिरीज़ 2-0 से जीती थी. डॉक्टरों ने मुरलीधरन को चेतावनी दी थी कि अगर वे खेलना जारी रखेंगे तो उनके घुटने का दर्द बढ़ सकता है.
मुरलीधरन ने कहा कि उनका शरीर ज़्यादा दिनों तक पाँच दिन का मैच बर्दाश्त नहीं कर पाएगा.
उन्होंने कहा, "पिछले कुछ महीनों के दौरान मुझे फ़िट रहने के लिए काफ़ी मेहनत करनी पड़ी है. डॉक्टरों ने मुझसे कहा है कि मुझे फ़िलहाल इस दर्द के साथ ही रहना होगा और कड़ी ट्रेनिंग करनी पड़ेगा. क्योंकि ऑपरेशन कराने का मतलब है कि छह-सात महीने तक क्रिकेट से दूर रहना."
मुरलीधरन का कहना है कि डॉक्टर मानते हैं कि वे एक या दो साल से ज़्यादा नहीं खेल पाएँगे और उनके लिए यही उचित होगा कि वे संन्यास लेने के बाद ही घुटने का ऑपरेशन कराएँ.
मुथैया मुरलीधरन ने वर्ष 1992 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने वर्ष 2007 में ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न के 708 विकेट का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सर्वाधिक टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
करियर
मुरलीधरन ने अब तक 127 टेस्ट मैच खेले हैं और 770 विकेट लिए हैं. एक दिवसीय मैचों में भी सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड मुरलीधरन के नाम पर ही है.
उन्होंने अब तक वनडे में 507 विकेट लिए हैं. उन्होंने इसी साल पाकिस्तान के वसीम अकरम के 502 वनडे विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ा है.
मुरलीधरन इस समय पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चल रही वनडे सिरीज़ में टीम का हिस्सा है. दम्बुला में हुए पहले वनडे में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 36 रन से मात दी.
मुरलीधरन को मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला. उन्होंने 32 रन बनाए और 46 रन देकर दो विकेट भी लिए.
एक सप्ताह पहले ही श्रीलंका के एक अन्य गेंदबाज़ चमिंडा वास ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications