उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच पांच दिनों की नीरसता के बाद बीते मंगलवार को बेनतीजा समाप्त हो गया था। इससे पहले, अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच का भी कोई नतीजा नहीं निकल सका था। ऐसे में दोनों टीमों के पास श्रृंखला अपने नाम करने का यह आखिरी मौका है।
दूसरे टेस्ट मैच में बराबरी करना न्यूजीलैंड के लिए एक तरह से मनोवैज्ञानिक जीत है क्योंकि कीवी टीम के कोच मार्क ग्रेटबैच ने श्रृंखला से पहले कहा था कि उनकी टीम कम से कम दो मुकाबले ड्रॉ कराना चाहेगी। कीवी टीम ने सफलता हासिल करते हुए विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम के खिलाफ एक लिहाज से जीत हासिल कर ली है।
तीसरा टेस्ट मैच एक लिहाज से काफी रोचक होगा क्योंकि एक तरफ जहां भारतीय टीम इस मैच को जीतकर श्रृंखला अपने नाम करना चाहेगी वहीं कीवी टीम की प्राथमिकता इस मुकाबले को भी बराबरी पर समाप्त करने की होगी। वैसे ग्रेटबैच ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने हैदराबाद में शानदार प्रदर्शन किया और अगर गेंदबाजों ने साथ दिया तो वह नागपुर में जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरेंगे।
इस टेस्ट श्रृंखला के बाद भारत को दिसम्बर में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाना है। वह श्रृंखला भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण होगी क्योंकि मौजूदा समय में दक्षिण अफ्रीकी टीम शानदार फार्म में है। नागपुर में जीत मिली तो भारत बढ़े हुए मनोबल के साथ दक्षिण अफ्रीका जाएगा लेकिन अगर वह टेस्ट ड्रा रहा या फिर उसे हार मिलती है तो दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए नए सिरे से रणनीति तैयार करनी होगी।
नागपुर में कप्तान धौनी के लिए चिन्ता का कोई कारण नहीं दिख रहा है। बल्लेबाज अच्छे फार्म में हैं और गेंदबाज खासकर स्पिन विभाग लगातार सराहनीय प्रदर्शन कर रहा है। वरिष्ठ गेंदबाज जहीर खान का अनुपस्थित होना भारत को खल सकता है लेकिन इसके बावजूद उसकी आक्रमण पंक्ति के पैनेपन में कोई खास कमी नहीं आई है।
इसका एक कारण यह भी है कि भारत की मजबूती हमेशा से बल्लेबाजी रही है और इन दिनों सभी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। सचिन तेंदुलकर को जहां इस मैच से अपने 50वें टेस्ट शतक का इंतजार होगा वहीं बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आतुर दिख रहे हरभजन सिंह लगातार तीन टेस्ट मैचों में शतक लगाने का अनूठा कारनामा करने का प्रयास करेंगे।
जहीर के स्थान पर बाएं हाथ के गेंदबाज जयदेव उनादकत को टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनके खेलने के आसार बहुत कम हैं। बहुत संभावना है कि ईशांत शर्मा जहीर का स्थान लें। इसके अलावा भारतीय टीम प्रबंधन टीम में कोई और परिवर्तन के पक्ष में नहीं दिख रहा है।
भारतीय टीम अहमदाबाद और हैदराबाद की पिच से नाखुश है और इस लिहाज से उसे नागपुर में बेहतर पिच मिलने की उम्मीद है। कप्तानों ने कहा है कि नागपुर की पिच हैदराबाद और अहमदाबाद की तुलना में अधिक ठोस है। ऐसे में कीवी गेंदबाजों के साथ-साथ भारतीय गेंदबाजों को भी विकेट के लिए पसीना बहाना पड़ सकता है।
मौसम का मिजाज इस मैच का मजा खराब कर सकता है। इस स्थान पर पहुंचने के बाद से भारत को पूरे सत्र तक अभ्यास करने का मौका नहीं मिला क्योंकि नागपुर में इन दिनों बेमौसम बारिश का जोर है। बारिश को देखते हुए मुख्य पिच और गेंदबाजी वाले क्षेत्र को पूरी तरह ढक दिया गया है। ऐसे में शनिवार को अगर खेल देर से शुरू हो तो हैरानी नहीं होनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।