सटोरियों ने कोलंबो में साधा था पाकिस्तानी क्रिकेटरों से संपर्क
कराची, 29 जुलाई (आईएएनएस)। मैच फिक्सिंग के भूत ने अब तक क्रिकेट जगत का पीछा नहीं छोड़ा है। इसका सबसे ताजा उदाहरण बुधवार को सामने आया जब पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि श्रीलंका में खेली गई टेस्ट श्रृंखला के दौरान कोलंबो में सटोरियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ संपर्क साधा था।
पाकिस्तान के प्रमुख उर्दू समाचार पत्र 'एक्सप्रेस' ने मंगलवार को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि कुछ अज्ञात भारतीय सटोरियों ने दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के दौरान सात पाकिस्तानी खिलाड़ियों से संपर्क साधा था।
पत्र ने पाकिस्तानी टीम के प्रबंधक यावर सईद के हवाले से लिखा है कि ऐसी कोई अनहोनी नहीं हुई। बाद में टीम प्रबंधन ने सख्ती बरतते हुए खिलाड़ियों और सटोरियों के बीच संपर्क की सारी संभावना खत्म कर दी।
यावर ने कहा, "कोलंबो टेस्ट के दौरान कुछ खिलाड़ियों ने हमें बताया था कि कुछ संदिग्ध लोग उनसे मिले थे। हमने इस संबंध में होटल प्रबंधन से शिकायत की थी। प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से टीम को होटल की किसी अन्य मंजिल पर स्थानांतरित कर दिया था।"
यावर के मुताबिक टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों से कहा है कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति के साथ मेलजोल बढ़ाने का प्रयास नहीं करें और अगर कोई उनसे संपर्क साधने की कोशिश करता है तो वे तुरंत इसकी जानकारी प्रबंधन को दें।
यावर ने दावा किया कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों से मिलने वाले सटोरिये भारत के हो सकते हैं। जाहिर तौर पर उनका मकसद कोलंबो टेस्ट को 'फिक्स' करने का रहा होगा।
इस खबर के बाद टेस्ट श्रृंखला में पाकिस्तान के प्रदर्शन को संदेह की निगाह से देखा जा रहा है। तीन मैचों की श्रृंख्रला में पाकिस्तानी टीम 0-2 से हार गई थी। तीसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम जीतने की स्थिति में थी लेकिन इसके बावजूद श्रीलंकाई खिलाड़ी मैच बचाने में सफल रहे थे। तीसरा टेस्ट बराबरी पर छूटा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications