वेबसाइट 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के मुताबिक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के एईके बेस अस्पताल से रवाना होते वक्त मासा के साथ उनकी पत्नी राफेला और निजी चिकित्सक डिनो एल्टमैन थे। साओ पाउलो पहुंचने से पहले मासा का विमान डकार और सेनेगल में रुकेगा।
मासा के पिता लुइस एंटोनियो मासा ने बताया कि ब्राजील पहुंचने के बाद मासा का चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा लेकिन उन्हें अब अस्पताल में भर्ती करने की कोई जरूरत नहीं।
अपने देश के लिए रवाना होने से पहले मासा ने पत्रकारों से कहा, "मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि आज मैं आप सबके सामने खड़ा हूं। दुर्घटना के बाद जब मुझे होश आया था, तब मैंने डॉक्टरों से पूछा था कि मुझे यहां क्यों लाया गया है। जो हुआ मैं उसे याद नहीं करना चाहता।"
ट्रैक के बीचोंबीच हुई जबरदस्त दुर्घटना में 28 वर्षीय मासा के सिर की हड्डी को भारी नुकसान पहुंचा था। ब्राउन जीपी टीम के चालक रुबिन्स बारिकेलो की दुर्घटनाग्रस्त कार का एक टुकड़ा मासा के हेलमेट से टकरा गया था।
हेलमेट के क्षतिग्रस्त होने के कारण मासा के सिर और आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट लगी थी। मासा ने खुद को बचाने के लिए आपातकालीन ब्रेक का उपयोग किया था लेकिन उनकी कार जबरदस्त रफ्तार में टायर से बनी दीवार से टकरा गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।