इस टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त साइना ने ये मैच आधे घंटे में जीता. साइना का मुक़ाबला अब थाईलैंड की सलाकजित पोनसाना से होगा.
अन्य मुक़ाबले
इस बीच महिलाओं के वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की शिन वॉन्ग को पहले दौर में कड़े मुक़ाबले का सामना करना पड़ा. उन्होंने सिंगापुर की बेइवेन झांग को 21-15, 19-21, 21-16 से हराया. बुधवार के अन्य मुक़ाबलों में पुरुषों के वर्ग में कश्यप पारुपल्ली ने ताइपे के यू सिंग से को 21-14, 19-21, 21-18 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया.
पुरुषों के ही एक अन्य मुक़ाबले में अरविंद भट थाईलैंड के तनोंगसाक सेनसोमबूनसुक से 13-21 21-23 से हार गए. साइना की कोशिश ये टूर्नामेंट जीतने की होगी क्योंकि पिछले ही महीने समाप्त हुए एशियाई खेलों में वो निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए हार गई थीं.
वह एशियाड में हॉन्गकॉन्ग की पुइ यिन यिप से हार गई थीं और इस टूर्नामेंट में भी पुइ खेल रही हैं.वहाँ हारने के बाद साइना ने माना था कि कोर्ट पर वह अच्छे ढंग से नहीं खेल पा रहीं थीं और पुइ के खेल में भी काफ़ी सुधार हुआ था.