बैडमिंटन में विश्व की नंबर छह महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गई हैं.
गुरुवार को हैदराबाद में हुए मैच में साइना ने 10वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पेट्या नेडेलशेवा को हराया. उन्होंने ये मैच 8-21, 21-18, 21-10 से जीता.
साइना पहली ही गेम 8-21 से हार गईं लेकिन फिर उन्होंने बेहतरीन वापसी की और दूसरी गेम 21-18 से जीत ली.
तीसरी और निर्णायक गेम में साइना ने अपनी लय बरकरार रखी और 21-10 से जीत हासिल की.
विश्व चैंपियनशिप प्रतियोगिता के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचने वाली साइना पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं.
क्वार्टर फा़इनल में उनका मुक़ाबला विश्व की नंबर दो खिलाड़ी चीन की लिन वांग से होगा.
मैच के बाद साइना ने कहा, "दर्शकों के समर्थन से मुझे बहुत मदद मिली. पहली गेम मुश्किल थी लेकिन दूसरी गेम में मैने अच्छा खेला. तीसरी गेम तो बहुत अच्छी रही. शुरु में ही मैने बढ़त हासिल कर ली थी."
इंडोनेशिया सुपर सिरीज़ में जून में भी दोनों की भिड़ंत हुई थी और सानिया ने वो मुकाबला जीत लिया था. पहली बार साइना ने कोई सुपर सिरीज़ ख़िताब पर क़ब्ज़ा किया था.
वहीं पुरुषों के सिंगल्स मुकाबले में भारत की चुनौती ख़त्म हो गई है. चेतन आनंद 21-16, 21-16 से इंडोनेशिया के सोनी कुनकोरो से हार गए.