जिंबाब्वे ने एमए वर्मूलेन (16), एच. मास्कद्जा (13) और सीजे सिबांदा (22) के विकेट गंवाए हैं। खबर लिखे जाने तक मेजबान टीम ने 13 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 63 रन बना लिए थे। सीके कवेंट्रे 23 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि बीआर टेलर ने दो रन बनाए थे।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने सकीबुल हसन की तूफानी शतकीय पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए।
बांग्लादेश ने एकदिवसीय मैचों में अपना सर्वोच्च योग हासिल किया। इससे पहले उसका सर्वोच्च योग 301 रन था, जो उसने वर्ष 2006 में बोगरा में केन्या के खिलाफ बनाया था।
अपनी टीम को सम्मानजनक योग तक पहुंचाने वाले सकीबुल 64 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने 79 रनों का योगदान दिया।
तमीम ने 105 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का जड़ा। जुनैद सिद्दीकी (27), मोहम्मद अशरफुल (22), रकीबुल हसन (35) और मुश्फिकुर रहीम (नाबाद 23) ने भी अतुलनीय योगदान दिया।
इस शानदार पारी के साथ सकीबुल का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। उन्होंने एकदिवसीय मैचों का नौवां सबसे तेज शतक लगाया। सकीबुल ने अपना शतक 63 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से पूरा किया। उन्होंने अपना अर्धशतक 40 गेंदों में पूरा किया था।
एकदिवसीय मैचों में सबसे तेज शतक लगाने का रिकार्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है, जिन्होंने 1996 में नैरोबी में श्रीलंका के खिलाफ मात्र 37 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था। अफरीदी ने अपनी 102 रनों की पारी के दौरान 11 छक्के और छह चौके लगाए थे।
इसके बाद सबसे तेज शतक लगाने वालों में दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर (44 गेंद), वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (45 गेंद), शाहिद अफरीदी (45 गेंद), श्रीलंका के सनत जयसूर्या (48 गेंद और 55 गेंद), भारत के वीरेंद्र सहवाग (60 गेंद), भारत के मोहम्मद अजहरुद्दीन (64 गेंद) शामिल हैं।
पांच मैचों की श्रृंखला में बांग्लादेश की टीम 1-0 से आगे है। उसने रविवार को इसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में अशरफुल के शानदार शतक की बदौलत जिंबाब्वे को आठ विकेट से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।