नई दिल्ली (वनइंडिया ब्यूरो)। भारत की चहेती व स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल विश्व में नंबर-2 रैंकिंग पर बरकरार है। विश्व बैडमिंटन महासंघ द्वारा गुरुवार को जारी ताज़ा रैंकिंग में पहले स्थान पर ओलंपिक चैंपियन ली ज्युरुई हैं।
सायना ने 80461.7444 अंक अर्जित करके यह रैंक कायम रखी है। वहीं भारत के अन्य बैडमिंटन खिलाड़ी भी अपनी-अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर आये हैं। इनमें युवा खिलाड़ी वीपी सिंधु महिला एकल में 16वीं रैंक पर बनी हुई हैं। जबकि पुरुष एकल में लंदन ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पी कश्यप नवें स्थान पर चल रहे हैं।
लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली सायना पिछले महीने भी विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर थीं। अपनी रैंकिंग से वो खुश हैं, लेकिन नंबर-1 पर पहुंचने की चाहत उनके दिल में बरकरार है। रात दिन मेहनत करने वाली सायना का बस एक ही लक्ष्य है। और वो है आने वाले सभी टूर्नामेंटों में खिताबी जीत दर्ज करना।