क्वांगचो| विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त महिला स्टार भारत की सायना नेहवाल शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी सायना ने गुरुवार को टियांगे इंडोर स्टेडियम में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में 15वीं वरीय थाईलैंड की बी. पोर्नटिप को 52 मिनट में 18-21, 21-16, 21-14 से हराया।
सायना को पहले दौर में बाई मिला था और दूसरे दौर में सायना ने बुधवार को रूस की ओग्ला गोलोवानोवा को 21-5, 21-4 से हराया था। अपने दूसरे मैच में सायना ने शानदार खेल दिखाया था लेकिन पोर्नटिप के खिलाफ वह पहले गेम में अपने खेल का स्तर बरकरार नहीं रख सकीं और हार को मजबूर हुईं।
इसके बाद सायना ने अपना स्तर सुधार लिया और उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए अगले दो गेम जीतकर मैच अपने नाम किया। अंतिम-8 दौर में सायना का सामना कोरिया की इयोन जू बेई और जापान की सायाकी ताकाहाशी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
गुरुवार को महिला वर्ग में पीवी सिंधु भी प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी चुनौती पेश करेंगी। इसी तरह पुरुष वर्ग में पारुपल्ली कश्यप भी अंतिम-16 दौर का मुकाबला खेलेंगे।