Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

एशियाड-2010 : नौवें दिन 2 स्वर्ण, 1 रजत, 4 कांस्य (लीड-2)

पहलवान सुनील कुमार राणा और रवींद्र सिंह ने ग्रीको रोमन में कांस्य जीते। टेनिस में भारत ने एक रजत और दो कांस्य पदक पक्का कर लिया है। पुरुषों के युगल मुकाबलों में सोमदेव देवबर्मन और सनम सिंह की जोड़ी फाइनल में पहुंच गई जबकि सोमदेव ने एकल मुकाबलों के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। सानिया मिर्जा हालांकि महिला एकल में हार गई हैं।

पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने चौथे ग्रुप मुकाबले में जापान को 3-2 से पराजित किया। स्क्वॉश टीम स्पर्धा में भी भारत को जीत मिली। भारतीय पुरुष टीम ने कतर को 3-0 से हराया।

सबसे चौंकाने वाला नतीजा महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ से आया। प्रीजा और कविता रावत का फाइनल में जगह बनाना जितना हैरान करने वाला रहा, उससे कहीं अधिक हैरान करने वाला उनका खिताब जीतना रहा।

प्रीजा ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन करते हुए 31 मिनट 50.47 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि रावत ने 31 मिनट 51.44 सेकेंड समय के साथ रजत जीता। तीसरे स्थान पर बहरीन की शिताया बहतेगैब्रिएल रहीं।

अंतिम 25 मीटर तक शिताया आगे चल रही थीं लेकिन प्रीजा ने शानदार दमखम दिखाते हुए न सिर्फ बड़े अंतर से जीत हासिल की जबकि रावत ने भी उन्हें पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय महिलाओं ने एशियाई खेलों की इस स्पर्धा में पहली बार स्वर्ण जीता है। इस जीत ने क्वांगचो में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या चार तक पहुंचा दी है।

इससे पहले, सुबह के सत्र में निशानेबाजों ने चीन में अपना पहला स्वर्ण जीता था। यह भारत का कुल तीसरा और दिन का पहला स्वर्ण था। पहला स्वर्ण बिलियर्ड्स में पंकज आडवाणी ने जीता था जबकि दूसरा स्वर्ण नौकायन में बजरंग लाल ताखड़ ने हासिल किया।

निशानेबाजी में सोढ़ी ने फाइनल में 47 अंक हासिल किए और कुल 186 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद सोढ़ी (139), जूनियर विश्व चैम्पियन असर नोरिया (134) और विक्रम भटनागर (130) की टीम ने 403 अंकों के साथ टीम स्पर्धा का कांस्य जीता।

महिला रिकर्व टीम ने तीरंदाजी में चीनी ताइपे को हराकर कांस्य जीता। भारतीय टीम ने चीनी ताइपे को 217 के मुकाबले 218 अंकों से हराया। भारतीय टीम में डोला बनर्जी, दीपिका कुमारी और रामिल बुरुयूली शामिल हैं।

सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरियाई तीरंदाजों को जोरदार टक्कर दी। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 221-221 लेकर बराबरी पर रहीं लेकिन शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया ने बाजी मारी ली।

कुश्ती में राणा और रवींद्र ने ग्रीको-रोमन के 66 और 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। राणा ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में थाईलैंड के पहलवान सुतेप ओमचोम्पू को 5-0 से पराजित किया। रवींद्र ने इंडोनेशिया के पहलवान मोहम्मद अलियानशाह को 3-1 से पराजित किया। जापान के रुतारो मासूमोतो ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण ईरान के ओमिद नुरूजी ने जीता, जबकि रजत दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी जिहयुन जुंग ने जीता। सेमीफाइनल में रवींद्र को 3-0 से पराजित करने वाले जुंग फाइनल में नुरूजी के हाथों 1-3 से हार गए।

सोमदेव और सनम सिंह युगल के फाइनल में पहुंच गए हैं लेकिन महिला एकल में सानिया मिर्जा सेमीफाइनल में हार गई हैं। सनम और सोमदेव की जोड़ी ने दक्षिण कोरिया के सूंग जेई चो और ह्वेन जून किम की जोड़ी को 6-3, 7-5 से पराजित किया। यह मुकाबला एक घंटा 18 मिनट चला।

दूसरी ओर, महिला एकल के सेमीफाइनल में सानिया को उजबेकिस्तान की अगकुल अमानमुरादोवा ने तीन सेटों तक चले मुकाबले के बाद 6-7, 6-3, 6-4 से पराजित किया। सानिया और अगकुल का मुकाबला एक घंटा 14 मिनट तक चला। इस तरह सानिया को अब कांस्य पदक से संतोष करना होगा।

पुरुष युगल के फाइनल में सोमदेव और सनम का सामना चीन के एम. गांग और जेड. ली की जोड़ी से होगा। इस जोड़ी ने रविवार को ही चीनी ताइपे के ची. येई और एच. ली की जोड़ी को 6-4, 7-6 से हराया।

सोम के लिए यह दोहरी सफलता है। वह एकल मुकाबलों के सेमीफाइनल में भी पहुंच गए हैं। कांस्य जीतने वाली पुरुष टीम के सदस्य करण रस्तोगी को हालांकि इस वर्ग में हार का सामना करना पड़ा है।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले सोमदेव ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीन के झी. झियांग को एक घंटे 51 मिनट में 6-4, 6-4 से पराजित किया। सोमदेव एशियाई खेलों में दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं।

सेमीफाइनल में सोमदेव का सामना जापान के तातसुमा इतो से होगा। चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी इतो ने रविवार को खेले गए एक अन्य क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड को दानाई उदोमचोक को 6-4, 6-1 से हराया।

एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में रस्तोगी को हालांकि उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। वह यह मुकाबला 2-6, 6-4, 5-7 से हार गए। यह मुकाबला दो घंटे छह मिनट तक चला।

पुरुषों की पैदल चाल स्पर्धा के 20 किलोमीटर वर्ग में भारत के हरमिंदर सिंह और बलजिंदर सिंह क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर रहे। हरमिंदर ने एक घंटे, 26 मिनट और 33 सेकेंड का वक्त लिया। बलजिंदर ने एक घंटे, 28 मिनट और छह सेकेंड में यह दूरी तय की।

ऊंची कूद में भारत के एथलीट हरि शंकर रॉय फाइनल में पहुंच गए हैं। रॉय ने पहले ही प्रयास में 2.10 मीटर की ऊंचाई नापी और फाइनल में पहुंचने वाले कुल 12 खिलाड़ियों में शामिल हुए।

मुक्केबाजी में भारत की प्रीति बेनीवाल 57 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। प्रीति ने प्री-क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की मुक्केबाज सुव अर्डे ओयुनग्रेल को 8-2 से पराजित किया।

भारत ने 16वें एशियाई खेलों की स्क्वॉश स्पर्धा के टीम वर्ग के अपने ग्रुप मुकाबले में रविवार को कतर को 3-0 से पराजित कर दिया। भारत के हरेंदर पाल संधू ने पहला एकल मुकाबला खेला। संधू ने अल तामिमी अहमद को 11-8, 11-2, 11-0 से पराजित किया।

इसके बाद सिद्धार्थ सुचदे ने अल माल्की अब्दुल्लाह को 11-3, 11-2, 11-6 से हराया जबकि तीसरे और आखिरी मुकाबले में संदीप जांगरा ने अल तामिनी अब्दुल्ला को 9-11, 11-7, 10-12, 11-6, 11-7 से पराजित किया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 16वें एशियाई खेलों के अंतर्गत रविवार को खेले गए ग्रुप-बी के अपने चौथे मुकाबले में जापान को 3-2 से हरा दिया। भारत के लिए स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप ने दो गोल किए जबकि एक गोल कप्तान राजपाल सिंह ने किया।

संदीप ने 38वें और 62वें मिनट में गोल किया जबकि राजपाल ने 31वें मिनट में फील्ड गोल करके टीम को बराबरी दिलाई थी। जापान की ओर से 21वें और 63वें मिनट में गोल हुए। दोनों गोल हिरोकी साकामोतो ने किया।

भारतीय टीम ने चीन में लगातार चौथी जीत दर्ज की है। उसने शनिवार को खेले गए तीसरे मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-2 से पराजित किया था। पहले मुकाबले में भारत ने हांगकांग को 7-0 से और दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 9-0 से रौंदा था।

भारतीय टीम इस जीत के साथ पूल-बी में शीर्ष पर पहुंच गई है। उसने पाकिस्तान को हराने के साथ सेमीफाइल में स्थान सुरक्षित कर लिया था। अब उसका सामना पूल-ए में दूसरे स्थान पर आने वाली टीम के साथ होगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Sunday, November 21, 2010, 18:00 [IST]
Other articles published on Nov 21, 2010
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+