एशियाड 2010 : आठवें दिन मिले 4 पदक, 5 पदक निश्चित (राउंडअप)
इसके अलावा पुरुष हॉकी, टेनिस, वॉलीबाल और मुक्केबाजी में भारत को जीत मिली। मुक्केबाज विजेंद्र सिंह और सुरंजय सिंह पुरुषों के 75 और 52 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे।
पदक तालिका में भारत शनिवार को 14वें स्थान पर खिसक गया। शुक्रवार को वह 11वें स्थान पर था। भारत के खाते में कुल 24 पदक हैं, जिनमें दो स्वर्ण, 10 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं।
तालिका में चीन 138 स्वर्ण के साथ पहले, कोरिया 52 स्वर्ण के साथ दूसरे और जापान 29 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।
सानिया एकल और मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में :
शनिवार भारतीय टेनिस खिलाड़ियों के लिए शानदार रहा। एक ओर जहां सानिया मिर्जा महिला एकल और मिश्रित युगल स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंची वहीं सोमदेव देवबर्मन और सनम सिंह की जोड़ी भी अंतिम चार में प्रवेश कर गई।
इस लिहाज से भारतीय खिलाड़ियों ने कम से कम तीन कांस्य पदक पक्का कर लिए हैं।
एक अन्य मुकाबले में सोमदेव और करण रस्तोगी पुरुषों की एकल स्पर्धा के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रहे।
सानिया ने थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी तामारिने तानासुगार्न को 6-2, 6-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
मिश्रित युगल मुकाबले में सानिया और करण वर्धन ने चीनी ताइपे की चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जुंग चुआंग और चू-हूआन यी को 2-6, 6-4, 1-0 से परास्त किया।
इससे पहले पुरुषों के एकल मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त सोमदेव ने उजबेकिस्तान के वाजा उजाकोव को 6-1, 6-1 से हराया।
सोमदेव और सनम की जोड़ी ने पुरुषों की युगल स्पर्धा में चीन की बाई यान और जी झांग को 6-2, 6-4 से शिकस्त दी। करण रस्तोगी ने तीसरे दौर के मुकाबले में चीनी ताइपे के चेन टी को 6-0, 6-4 से पराजित किया।
भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया :
स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह के दो गोल की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को पुरुष हॉकी मुकाबले में 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
भारत की ओर से तीसरा गोल धरमवीर सिंह ने किया जबकि पाकिस्तान की ओर से रेहान बट्ट और शकील अब्बासी ने एक-एक गोल दागे।
मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-1 से आगे चल रही थी। संदीप ने तीसरे और 48वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की जबकि धरमवीर सिंह ने 16वें मिनट में गोल दाग बढ़त को और मजूबत कर दिया।
पाकिस्तान की ओर से अनुभवी स्ट्राइकर रेहान बट्ट चौथे जबकि शकील अब्बासी ने 43वें मिनट में गोल किए।
भारतीय टीम अपने तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष पर विराजमान है। पाकिस्तान और जापान तीन मैचों में छह-छह अंक लेकर दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
भारत का अगला मुकाबला रविवार को जापान से होगा।
इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान को इस वर्ष चौथी बार मात दी है। इससे पहले भारतीय टीम ने पाकिस्तान को अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, आईएचएफ हॉकी विश्वकप और हाल में नई दिल्ली में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में हरा चुकी है।
भारत क्वांगचो एशियाई खेलों में इससे पहले हांगकांग को 7-0 और बांग्लादेश को 9-0 से हरा चुका है।
आदित्य को कांस्य पदक :
आदित्य मेहता स्नूकर के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में हार गए हालांकि उनकी बदौलत भारत को एक कांस्य पदक जरूर मिला।
सेमीफाइनल मुकाबले में आदित्य को हांगकांग के खिलाड़ी चुन मार्को फू का के हाथों 20-62, 7-60, 68-55, 15-59, 21-71 से हार का सामना करना पड़ा।
आदित्य के इस कांस्य के साथ ही बिलियर्डस में भारत के कुल चार पदक हो गए हैं जिसमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है। बिलियर्ड्स में पंकज आडवाणी ने भारत को स्वर्ण दिलाया था।
विजेंद्र और सुरंजय सिंह सेमीफाइनल में :
विश्व के नंबर एक मुक्केबाज विजेंद्र सिंह और सुरंजय सिंह सेमीफाइनल में पहुंचकर दो पदक पक्के कर लिए हैं, वहीं अमनदीप सिंह भी क्वार्टरफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहे।
बीजिंग ओलंपिक 2008 तथा दोहा एशियाई खेल 2006 में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंद्र ने 75 किलोग्राम वर्ग में एकतरफा मुकाबले में दक्षिण कोरिया के दियोजिन चो को 13-2 से हराया।
19वें राष्ट्रमंडल खेलों तथा विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंद्र सिंह का अगला मुकाबला ईरान के मोहम्मद सातापॉर से होगा।
'छोटा टायसन' के नाम से विख्यात सुरंजय सिंह ने 52 किलोग्राम वर्ग में उजबेकिस्तान के शाहरीयोर इसाकोव को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सुरंजय का अगला मुकाबला मेजबान चीन के चांग यंग से होगा।
लाइट फ्लाईवेट में अमनदीप सिंह ने 49 किलोग्राम वर्ग में पाकिस्तान के मोहम्मद वसीम को 11-0 से रौंदते हुए क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले अमनदीप का अगला मुकाबला फिलिपिनो ली विक्टोरियो सालुदार से होगा।
दिन के अंतिम मुकाबले में दिलबाग सिंह को 0-8 से हार का सामना करना पड़ा। दिलबाग को तुर्कमेनिस्तान के उमर मामेदशायेव ने प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में पराजित किया।
भारत की ओर से अब तक कुल चार मुक्केबाजों विजेंद्र, सुरंजय, दिनेश कुमार 81 किलोग्राम और परमजीत समोता 91 किलोग्राम वर्ग ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
पुरुष वॉलीबाल टीम क्वार्टरफाइनल में :
भारत ने पुरुष वॉलीबाल स्पर्धा में कतर को 3-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। वहीं महिला टीम ग्रुप बी के प्रारंभिक मुकाबले में जापान के हाथों 0-3 से हार गई।
विश्व की 38वें नंबर की भारतीय टीम ने ग्रुप एफ में 54वें नंबर की टीम कतर को 21-15, 25-13, 25-20 से हराया। भारतीय पुरुष टीम की यह दूसरी जीत है। भारत अपना आखिरी लीग मुकाबला रविवार को खेलेगा।
जापान ने भारतीय महिला टीम को 25-23, 25-16, 25-17 से हराया। महिला टीम का अगला मुकाबला रविवार को कजाकिस्तान से होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications