मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 181 रन बनाए हैं। तिलकरत्ने दिलशान 94 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि थिलन समरवीरा ने एक रन बनाया है।
समरवीरा ने पहली पारी में 159 रन बनाए थे। दिलशान ने अपनी 105 गेंदों की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का जड़ा है।
श्रीलंका ने थिलिना पारानाविताना (5), कप्तान कुमार संगकारा (45) और माहेला जयवर्धने (27) के विकेट गंवाए हैं। जयवर्धने ने भी पहली पारी में शतक लगाया था।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 452 रन बनाए थे जबकि मेहमान टीम अपनी पहली पारी में 299 रन ही बना सकी थी। पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम को 153 रनों की बढ़त मिली थी।
न्यूजीलैंड ने मैच के तीसरे दिन आठ विकेट पर 281 रन बनाए थे। चौथे दिन पहले सत्र में उसके दोनों नाबाद बल्लेबाज पेवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की ओर से मुथैया मुरलीधरन और थिलन तुषारा ने चार-चार विकेट लिए जबकि असंथा मेंडिस और नुवान कुलसेकरा को एक-एक सफलता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।