Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

विश्व रिकार्ड के पर्यायवाची बन गए हैं बोल्ट

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। जमैका के फर्राटा धावक उसैन बोल्ट ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 200 मीटर स्पर्धा में नया विश्व रिकार्ड बनाकर एक बार फिर साबित कर दिया कि एथलेटिक्स की दुनिया में उनका कोई सानी नहीं है। बोल्ट ने 19.19 सेकेंड में 200 मीटर की दूरी नापकर अपना ही रिकार्ड तोड़ दिया, जो उन्होंने 20 अगस्त, 2008 को बीजिंग ओलंपिक के दौरान कायम किया था।

समय के लिहाज से बोल्ट और दूसरी धावकों में इतना अंतर कायम हो जाता है कि उन्हें और रिकार्ड को एक दूसरे का पर्यायवाची माना जाने लगा है। अब 200 मीटर फाइनल दौड़ को ही लीजिए, दूसरे स्थान पर आने वाले पनामा के एथलीट अलोंसो एडवर्ड्स बोल्ट से .62 सेकेंड पीछे रहे।

फर्राटा दौड़ में आमतौर पर धावकों के बीच सेकेंड के 100वें या 200वें हिस्से का अंतर होता है लेकिन बोल्ट ने पिछले एक साल में कई मौकों पर अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पराजित किया है।

बोल्ट ने रविवार को 100 मीटर दौड़ का भी फाइनल जीता था। इस दौड़ में भी बोल्ट ने विश्व रिकार्ड कायम किया था। बीजिंग ओलंपिक में विश्व रिकार्ड के साथ तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले बोल्ट ने साबित कर दिया है कि आज की तारीख में उनसे बढ़कर फर्राटा धावक कोई नहीं।

बोल्ट के आत्मविश्वास का आलम यह है कि वह जिन स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हैं, उनमें विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करते हैं। अब तक तो वह इस कोशिश में कामयाब रहे हैं और अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में वह 100 मीटर की दौड़ 9 सेकेंड और 200 मीटर की दौड़ 19 सेकेंड में पूरी कर लें तो हैरानी नहीं होनी चाहिए।

200 मीटर दौड़ के फाइनल में चौथा स्थान हासिल करने वाले अमेरिकी एथलीट शॉन क्राफोर्ड ने बोल्ट को इस धरती के लिए एक उपहार करार दिया है। क्राफोर्ड ने कहा, "बोल्ट इस धरती के लिए ईश्वर का उपहार हैं। उन्हें ट्रैक पर दौड़ता देखकर सुखद: अहसास होता है। यह अहसास इतना निराला होता है कि उसके आगे अपने हार का गम भी फीका पड़ जाता है।"

बोल्ट के अच्छे दोस्त और मशहूर एथलीट वॉलेस स्पीयमैन का मानना है कि वह अपने जीवन में कभी भी बोल्ट को हराने के बारे में नहीं सोच सकते। स्पीयरमैन के मुताबिक, "मैं अपने जीवन की सबसे अच्छी दौड़ में भी बोल्ट को हराने के बारे में सोच नहीं सकता। हर एक दौड़ से पहले मुझे पता होता है कि इसका परिणाम क्या होने वाला है। मैं ही नहीं, आज की तारीख में पूरा एथलेटिक्स जगत यही सोचता है।"

क्राफोर्ड ने कहा कि बोल्ट दर्शकों के उल्लास से उर्जा हासिल करते हैं। दर्शक उन्हें लेकर जितना उत्साहित होते हैं, बोल्ट उतनी अधिक उर्जा के साथ दौड़ लगाते हैं। दौड़ के बाद बोल्ट का दर्शकों के पास जाना और उनके साथ अपनी खुशी बांटना इस बात को साबित भी करता है।

अपने प्रदर्शन को लेकर शालीन बोल्ट बस इतना कहते हैं कि उम्मीद के मुताबिक दौड़ लगाकर वह खुश होते हैं। बोल्ट ने कहा, "मैं हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं। मैं पूरे साल इसी दिन के लिए मेहनत करता हूं और नया रिकार्ड बनाकर मुझे खुशी होती है। मुझे इस बात से ज्यादा खुशी होती है कि मैं अपने प्रदर्शन से अपने देशवासियों और एथलेटिक्स से प्यार करने वाले लोगों को खुशी दे सकता हूं।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:24 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+